राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को मिलेगा साझा मंच
छिंदवाड़ा। मेरा युवा भारत (माय भारत), छिंदवाड़ा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर “विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन” कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को किया जाएगा। जिले में यह कार्यक्रम पोस्ट ग्रेजुएट शासकीय महाविद्यालय एवं राजमाता सिंधिया गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज, छिंदवाड़ा में आयोजित होगा।
जिला युवा अधिकारी श्रीमती सुषमा गवली ने बताया कि महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस को युवा भागीदारी, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की थीम के साथ विशेष रूप से मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में देशभर में “विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना है। अभियान के तहत देश के प्रत्येक जिले के दो महाविद्यालयों में युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के 1600 स्थानों से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर सभी अतिथि एवं युवा प्रतिभागी प्रातः 10 बजे तक उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात स्थानीय स्तर पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पोस्ट ग्रेजुएट शासकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री विवेक बंटी साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। इस दौरान माय भारत स्वयंसेवकों एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें पिछले 12 वर्षों के दौरान देश के खेल अधोसंरचना में हुए विकास और भारत के उभरते स्पोर्ट्स इकोसिस्टम पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में लगभग 15 मिनट का युवा संवाद सत्र भी आयोजित होगा, जिसमें युवाओं को अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण एवं VBYLD (विकसित भारत का तीसरा दशक) से संबंधित गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार एवं नवाचार प्रस्तुत करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों एवं नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हो सकता है।
जिले के सभी युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।
