जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं व्याख्यानमाला संपन्न“स्वैच्छिकता, सामूहिकता और स्वावलंबन के मूल सिद्धांतों पर कार्य करेगी जन अभियान परिषद” — डॉ. बकुल लाड़

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं व्याख्यानमाला संपन्न

“स्वैच्छिकता, सामूहिकता और स्वावलंबन के मूल सिद्धांतों पर कार्य करेगी जन अभियान परिषद” — डॉ. बकुल लाड़
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा द्वारा जिला पंचायत सभाकक्ष में नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं एवं मेंटर्स की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं व्याख्यानमाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ का जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात विकासखंड समन्वयकों, मेंटर्स एवं नवांकुर संस्था प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
बैठक के दौरान डॉ. बकुल लाड़ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’, ‘हर घर तिरंगा अभियान’, ‘नवांकुर सखी कार्यक्रम’ तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के माध्यम से युवा शक्ति के संचय एवं नेतृत्व विकास से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की।

इस अवसर पर उन्होंने परिषद की योजनाओं एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद का मूल आधार स्वैच्छिकता, सामूहिकता और स्वावलंबन है। उन्होंने युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समाजसेवा की भावना को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने नवांकुर संस्थाओं एवं युवा शक्ति की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि नवांकुर संस्थाएं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की पालक संस्था के रूप में कार्य करती हैं। इनका प्रमुख उद्देश्य आर्थिक लाभ अर्जित करना नहीं, बल्कि समाजहित में सेवा और जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति का संचय एवं परिषद के नेटवर्क का विस्तार आगामी कार्यों की महत्वपूर्ण दिशा रहेगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में उत्कृष्ट एवं सक्रिय सेवा सहभागिता के लिए नवांकुर संस्थाओं के प्रमुखों तथा परामर्शदाताओं को कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिनिधियों में उत्साह का वातावरण रहा और सभी ने आगे भी सकारात्मक ऊर्जा के साथ समाजसेवा जारी रखने का संकल्प लिया।

नवाचारी कार्यों की पुस्तक प्रकाशित करने की योजना

इस अवसर पर नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं परामर्शदाताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे नवाचारी कार्यों की प्रस्तुति दी। डॉ. बकुल लाड़ ने इन कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रतिनिधि प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों को नोट किया गया है, जो भविष्य में परिषद की कार्ययोजना को और बेहतर बनाने में सहायक होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में किए जा रहे नवाचारी कार्यों को संकलित कर एक पुस्तक के रूप में प्रकाशित करने की योजना है। साथ ही प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित कर विचारों के आदान-प्रदान एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने की भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

जिला कार्यालय का किया निरीक्षण

कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला कार्यालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान कार्यालय की आवश्यकताओं, दस्तावेजों के संधारण, कार्यों की प्रगति एवं प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने आवश्यक सुधारों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए जिले के अमले से सुझाव भी आमंत्रित किए। जिला कार्यालय के आगंतुक पंजी में उन्होंने जिले में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी दर्ज की।

बैठक एवं व्याख्यानमाला के माध्यम से जिले में जन अभियान परिषद की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने, युवाओं को सामाजिक नेतृत्व से जोड़ने तथा नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों की सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने, श्री अनिल बोबड़े, श्री संजीव भावरकर, श्रीमती ललिता कुशरे, सुश्री अफसा खान, सुश्री वंदना राकेशिया, श्री दिलीप आठनेरे, श्री दीपक गेडाम, श्री भवानी कुमरे, श्री आशीष नेमा, श्री हरीश वेलबंशी, सुश्री अंशु जायसवाल सहित कार्यालय स्टाफ, चयनित नवांकुर संस्थाओं के प्रमुख, परामर्शदाता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी श्री विनोद तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने किया। इस अवसर पर श्रीमती लता नागले ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default