35 करोड़ का उड़ान पुल अंधेरे में, शौचालय निर्माण ठप: नगर पालिका के खिलाफ व्यापारियों का पोस्टकार्ड अभियान आज से
नगर पालिका पर उपेक्षा के आरोप, सीएम हेल्पलाइन, पोस्टकार्ड अभियान और मुख्यमंत्री से मुलाकात की तैयारी
जुन्नारदेव। नगर पालिका परिषद जुन्नारदेव की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय व्यापारियों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शहर के एकमात्र सार्वजनिक महिला-पुरुष शौचालय का पुनर्निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, वहीं करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित उड़ान पुल पर विद्युत व्यवस्था बंद होने से आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दोनों मुद्दों को लेकर गुरुवार दोपहर स्थानीय व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचा, लेकिन व्यापारियों का आरोप है कि वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इससे नाराज व्यापारियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली के खिलाफ आंदोलन तेज करने की घोषणा कर दी है।
व्यापारियों का कहना है कि नगर के पुराने सार्वजनिक शौचालय को ध्वस्त कर नया निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन कई दिनों से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है। इसके चलते व्यापारियों, ग्राहकों, महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर से आने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शहर में वैकल्पिक सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
व्यापारियों ने लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से बने उड़ान पुल की अव्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पुल का लोकार्पण किए जाने के बाद से ही पुल की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। रात के समय पुल पर अंधेरा रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
नगर पालिका की कथित लापरवाही और उपेक्षा से नाराज व्यापारियों ने शुक्रवार से विशेष जन-अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराई जाएंगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पोस्टकार्ड भेजकर शहर में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथा उड़ान पुल पर बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की जाएगी।
व्यापारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित छिंदवाड़ा दौरे के दौरान भी एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलकर जुन्नारदेव की इन मूलभूत समस्याओं से अवगत कराएगा और शीघ्र समाधान की मांग करेगा। उनका कहना है कि यदि इसके बाद भी नगर पालिका और संबंधित विभागों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
Tags
जुन्नारदेव