भोपाल, 4 अगस्त। शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय (PMCOE) भोपाल में National Task Force (NTF) के अंतर्गत "मेंटल हेल्थ एंड वेल-बीइंग" विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा तनाव, भावनात्मक चुनौतियों और दैनिक जीवन की परिस्थितियों से सकारात्मक ढंग से निपटने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रचना मिश्रा ने की। मुख्य वक्ता मनोवैज्ञानिक एवं प्रोफेशनल काउंसलर डॉ. रत्ना शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं, बल्कि भावनात्मक संतुलन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और स्वस्थ सामाजिक व्यवहार का आधार है।
उन्होंने विद्यार्थियों से तनाव या मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय समय पर विशेषज्ञों से परामर्श लेने और खुलकर संवाद करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में शैक्षणिक विकास के साथ मानसिक एवं भावनात्मक विकास को भी समान रूप से आवश्यक बताया गया।
National Task Force की नोडल प्रभारी डॉ. ममता एक्का के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में डॉ. संस्कृति दामड़े ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, विशेषज्ञों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित, सहयोगात्मक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का संदेश दिया गया।
