समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का जिले में शुभारंभ 9 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निकलेगी कलश/रथ यात्रा

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का जिले में शुभारंभ 9 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निकलेगी कलश/रथ यात्रा

छिंदवाड़ा, 20 अगस्त 2026। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया गया। राज्य स्तर से लाए गए काशी (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलशों को मंडल एवं यात्रा प्रभारियों को सौंपा गया। जिला स्तरीय समारोह में संत रविदास जी के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और सामाजिक समरसता के संदेशों का स्मरण करते हुए सभी को समरसतापूर्ण जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 18 अगस्त को रवींद्र भवन में राज्य स्तरीय समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया गया था। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में संत रविदास महाराज की जन्मस्थली काशी (वाराणसी) की मिट्टी से भरे कलशों का पूजन कर उन्हें प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया।

इन वंदन कलशों के छिंदवाड़ा पहुंचने पर गुरुवार को राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इसके साथ ही जिले में समरसता संकल्प अभियान और कलश वंदन यात्रा की औपचारिक शुरुआत हुई। यात्रा जिले के विभिन्न विकासखंडों, तहसीलों और ग्रामों से होकर निकलेगी तथा संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएगी।

कार्यक्रम में बाल नृत्यांगना निकिता अहिरवार ने “गुरु चरणन पर शीश नवाऊँ...” भक्ति गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। भजन समूह द्वारा आरती एवं अरदास भी प्रस्तुत की गई।

संत रविदास महाराज के पूजन-वंदन से हुआ समारोह का शुभारंभ

जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू, विशिष्ट अतिथि अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, महापौर श्री विक्रम अहके तथा संत रविदास समिति के अध्यक्ष श्री श्याम डोले सहित अन्य अतिथियों द्वारा संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन-वंदन कर किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, जिला पंचायत के सीईओ श्री अग्रिम कुमार तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री एस.एस. मरकाम भी उपस्थित थे।

संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने संत रविदास जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संतों और महापुरुषों के आदर्श समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान और कलश वंदन यात्रा आयोजित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी, जिन्हें रैदास के नाम से भी जाना जाता है, संत कवियों में प्रमुख स्थान रखते हैं। उनकी रचनाओं में सच्ची भक्ति, मानवता और सामाजिक समानता का संदेश मिलता है। उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां भेदभाव न हो और सभी को समान सम्मान एवं अवसर प्राप्त हो।

सांसद श्री साहू ने संत रविदास जी के संदेशों को स्मरण करते हुए कहा कि—

“ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न।
छोट-बड़ो सब सम बसें, रैदास रहे प्रसन्न।।“

उन्होंने उपस्थितजनों से संत रविदास जी के जीवन आदर्शों को अपनाकर उन्हें अपने चरित्र और व्यवहार में शामिल करने का आह्वान किया।

अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह ने संत रविदास जी की 650वीं जयंती को समारोहपूर्वक मनाने और समरसता संकल्प अभियान चलाने के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अभियान में सहभागी बनकर इसे सफल बनाने की अपील की।

श्री शेषराव यादव ने कहा कि संत किसी एक समाज के नहीं होते, बल्कि उनके उपदेश संपूर्ण मानव समाज के हित में होते हैं। कलश वंदन यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के समरसता संदेश और अमर वचनों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

महापौर श्री विक्रम अहके ने कहा कि राज्य स्तर से आए पवित्र कलश यात्रा के माध्यम से जिलेभर में पहुंचेंगे और संत रविदास जी के सामाजिक समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव के बजाय कर्म को महत्व दिया।

संत रविदास समिति के अध्यक्ष श्री श्याम डोले ने कहा कि संत रविदास जी के सामाजिक समरसता के संदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।

छिंदवाड़ा शहर में निर्धारित मार्ग से निकली कलश यात्रा

जिला स्तरीय समारोह के दौरान अतिथियों ने राज्य स्तर से लाए गए कलश यात्रा प्रभारियों श्री सौरभ ठाकुर, श्री अंकुर शुक्ला, श्री नवीन बारस्कर और श्री रमाकांत पटेल को सौंपे। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल से कलश वंदन यात्रा को रवाना किया गया।

कलश यात्रा गर्ल्स कॉलेज से प्रारंभ होकर मानसरोवर, पुराना बैलबाजार, लालबाग, रामबाग, नरसिंहपुर नाका, श्याम टॉकीज, छोटा तालाब, पुराना पावर हाउस, छोटी बाजार, मेन रोड, फव्वारा चौक, दशहरा मैदान, ईएलसी चौक, परशुराम वाटिका, नगर निगम एवं कलेक्ट्रेट होते हुए अंबेडकर चौराहे तक पहुंची।

20 अगस्त से 9 सितंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में निकलेगी यात्रा

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में 20 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक विभिन्न तिथियों में प्रातः 10 बजे से कलश/रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अगस्त को छिंदवाड़ा मुख्यालय के बाद 21 अगस्त को विकासखंड छिंदवाड़ा-मोहखेड़, 22 अगस्त को मोहखेड़, 23 अगस्त को मोहखेड़-परासिया, 24 अगस्त को परासिया-जुन्नारदेव, 25 अगस्त को परासिया, 26 अगस्त को परासिया-तामिया, 31 अगस्त को हर्रई, 1 सितंबर को अमरवाड़ा, 2 सितंबर को अमरवाड़ा-चौरई, 3 सितंबर को चौरई, 4 सितंबर को बिछुआ तथा 5 सितंबर को मोहखेड़-चौरई क्षेत्र में यात्रा निकाली जाएगी।

वहीं, 6 से 9 सितंबर तक विकासखंड छिंदवाड़ा के विभिन्न ग्रामों में कलश/रथ यात्रा आयोजित की जाएगी। प्रतिदिन यात्रा के अंतिम पड़ाव पर कलश को संबंधित ग्राम के मंदिर में सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जाएगा।

ये रहे उपस्थित

जिला स्तरीय समारोह में सांसद श्री विवेक बंटी साहू, अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, महापौर श्री विक्रम अहके, पूर्व विधायक श्री ताराचंद बावरिया, समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा के जिला संयोजक श्री विजय पांडे, श्री अजय सक्सेना, संत श्री पुरुषोत्तम मंडराह, संत श्री महताब अहिरवार, श्री मनोज मंडराह, श्री धर्मेंद्र मिगलानी, श्री एस.पी. सेवतिया, श्री कामता प्रसाद अहिरवार, श्री आर.एल. मंडराह, श्री मनोज चौरे, श्री अशोक बिन्जाड़े, श्री राकेश माइकल पहाड़े, श्री राजकुमार अहिरवार, श्री जागेंद्र अलडक और श्री दीपक नेमा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, नगर एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, परामर्शदाता, छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default