कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने अधिकारियों को समय-सीमा में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देशपरंपरागत मार्गों से निकलेंगे जुलूस, सुरक्षा, यातायात, विद्युत एवं स्वच्छता व्यवस्था पर रहेगा विशेष जोर

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने अधिकारियों को समय-सीमा में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश परंपरागत मार्गों से निकलेंगे जुलूस, सुरक्षा, यातायात, विद्युत एवं स्वच्छता व्यवस्था पर रहेगा विशेष जोर
छिंदवाड़ा, 20 अगस्त 2026। जिले में आगामी ईद मिलाद-उन-नवी, भुजलिया, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में आगामी धार्मिक पर्वों के दौरान निकलने वाले जुलूसों के मार्ग, समय, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत तारों की सुरक्षा, चिकित्सा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं सहित विसर्जन स्थलों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

ईद मिलाद-उन-नवी पर विशेष व्यवस्थाएं

समिति के सदस्यों ने बताया कि ईद मिलाद-उन-नवी पर्व 26 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। पर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सजावट की जाएगी तथा विभिन्न स्थानों पर लंगर का आयोजन होगा। 25 अगस्त की रात्रि से ईद मिलाद-उन-नवी मैदान में जलसा एवं तकरीर का आयोजन किया जाएगा। 26 अगस्त को प्रातःकालीन कार्यक्रमों के साथ दोपहर में बच्चों का तालीमी मुकाबला तथा रात्रि में सवाल-जवाब कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

ईद मिलाद-उन-नवी के अवसर पर 26 अगस्त को दोपहर लगभग 2 बजे आजाद चौक से जुलूस-ए-मोहम्मदी प्रारंभ होगा। जुलूस राज टॉकीज, गोलगंज, फव्वारा चौक, बस स्टैंड, यातायात थाना, अलका टॉकीज, तिलक मार्केट, गणेश चौक, रॉयल चौक एवं करबला चौक होते हुए पुनः आजाद चौक पहुंचेगा।

जुलूस में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली टोलियां भी शामिल होंगी। जुलूस के पारंपरिक मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जुलूस मार्ग में सीवरेज के गड्ढों की मरम्मत, साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, पार्किंग एवं यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राज टॉकीज, गर्ल्स कॉलेज, मेन रोड, बस स्टैंड, छोटा बाजार एवं गणेश चौक सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष यातायात व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। साथ ही जुलूस के पीछे कचरा संग्रहण वाहन चलाने एवं मार्ग में पर्याप्त स्वच्छता व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।

भुजलिया पर्व पर जुलूस और विसर्जन की विशेष तैयारी

बैठक में भुजलिया पर्व के अंतर्गत शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं जुलूसों की जानकारी ली गई। छोटी बाजार क्षेत्र में 29 अगस्त को भुजलिया जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस राम मंदिर एवं बड़ी माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद निर्धारित पारंपरिक मार्ग से होते हुए बड़ा तालाब पहुंचेगा।

जुलूस मार्ग की साफ-सफाई, गड्ढों की मरम्मत, निर्माण सामग्री हटाने, अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने, प्रकाश एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्ग का संयुक्त निरीक्षण करने को भी कहा गया।

वहीं, चार फाटक क्षेत्र में 30 अगस्त को भुजलिया उत्सव आयोजित होगा। संतोषी माता मंदिर से जुलूस प्रारंभ होकर निर्धारित मार्ग से पातालेश्वर क्षेत्र पहुंचेगा, जहां भुजलिया का विसर्जन किया जाएगा। क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई, प्रकाश एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बड़ा तालाब एवं पातालेश्वर स्थित विसर्जन स्थलों पर नाव, गोताखोर, रेस्क्यू टीम, बैरिकेडिंग, मंच, जनरेटर, वॉच टावर, पर्याप्त प्रकाश एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस एवं महिला पुलिस बल की तैनाती के साथ ही शराब का सेवन कर जुलूस में शामिल होने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बड़ा तालाब में कार्यक्रम से पूर्व एवं पश्चात नगर निगम की अलग-अलग टीमों द्वारा सफाई कराने, जलकुंभी एवं गंदगी हटाने तथा विसर्जन स्थल को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रमों के लिए विशेष व्यवस्था

बैठक में बताया गया कि 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा। इसके एक दिन पूर्व तथा जन्माष्टमी के दिन शहर के विभिन्न स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों को वालंटियरों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा कार्यक्रम का स्थान, मार्ग एवं समय की जानकारी लिखित रूप से देने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रमों के दौरान पर्याप्त पुलिस एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में बताया गया कि गणेश उत्सव 14 सितंबर से प्रारंभ होकर 25 एवं 26 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन तक चलेगा। इस दौरान शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निर्देश दिए गए कि गणेश पंडाल सड़कों पर स्थापित नहीं किए जाएंगे और निर्धारित स्थानों पर ही पंडाल लगाए जाएंगे। सभी गणेश मंडलों को आवश्यक अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने तथा थाना स्तर पर गणेश मंडलों की बैठक आयोजित करने को कहा गया।

महिला सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती तथा फव्वारा चौक क्षेत्र में चिकित्सा दल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी प्रसाधन एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

पीओपी और रासायनिक सामग्री से मूर्ति निर्माण पर रोक

बैठक में गणेश मंडलों एवं मूर्तिकारों को निर्देशित किया गया कि गणेश प्रतिमाओं का निर्माण निर्धारित मानकों एवं सीमा के अनुरूप किया जाए। प्रतिमा निर्माण में प्राकृतिक एवं पारंपरिक मिट्टी का उपयोग किया जाए तथा पीओपी, रासायनिक पदार्थों एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री का उपयोग न किया जाए।

पूजन सामग्री, फूल-माला, नारियल, वस्त्र, प्लास्टिक एवं कागज से बनी सजावटी सामग्री को विसर्जन से पूर्व अलग निकालकर निर्धारित स्थान पर एकत्रित करने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

विसर्जन स्थलों पर रहेंगी व्यापक व्यवस्थाएं

गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए छोटा तालाब, कुलबेहरा नदी सहित निर्धारित विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड, नाव, गोताखोर, बैरिकेडिंग एवं रेस्क्यू टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा विसर्जन मार्गों पर विद्युत तारों को व्यवस्थित करने, ट्रांसफार्मरों के आसपास बैरिकेडिंग कराने और आवश्यक स्थानों पर स्टॉपर लगाने के निर्देश दिए गए।

बड़े वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर फव्वारा चौक से छोटा तालाब क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने की व्यवस्था की जाएगी।

मूर्ति विसर्जन मार्गों—पोला ग्राउंड, फव्वारा चौक, गोलगंज, छोटा बाजार, चार फाटक, साकेत होटल क्षेत्र, छोटा तालाब, बरारीपुरा एवं छापाखाना सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं सड़क के गड्ढों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में निर्देश

बैठक में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें शासन एवं माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त करने को कहा गया।

समिति द्वारा आगामी धार्मिक पर्वों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सीमित एवं निर्धारित उपयोग पर भी चर्चा की गई। जुलूस में शराब का सेवन कर शामिल होने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं रहेंगी उपलब्ध

धार्मिक आयोजनों एवं जुलूसों के दौरान आकस्मिक चिकित्सा सहायता के लिए एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल उपलब्ध रखने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन को दिए गए। विसर्जन स्थलों पर भी आवश्यकता के अनुसार एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने शांति समिति के सदस्यों एवं जिलेवासियों से अपील की कि ईद मिलाद-उन-नवी, भुजलिया, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश उत्सव सहित सभी धार्मिक पर्व पूर्व परंपरा के अनुसार शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे की भावना के साथ मनाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जुलूस मार्गों एवं विसर्जन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराई जाएं। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, यातायात, विद्युत, सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

कलेक्टर ने जुलूस समाप्त होने के तत्काल बाद साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा विसर्जन स्थलों पर पुलिस, होमगार्ड एवं आवश्यकतानुसार मजिस्ट्रेट की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को बैठक में लिए गए निर्णयों का समय पर पालन सुनिश्चित करने के निर्देशों के साथ बैठक का समापन किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default