- किसान और सरकार के बीच सशक्त सेतु बनेगा किसान मोर्चा : शेषराव यादव
- किसान हित और सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी किसान मोर्चा की नई टीम : शेषराव यादव
- किसानों की सेवा ही किसान मोर्चा का सबसे बड़ा दायित्व : शैलेन्द्र रघुवंशी
सच की आँखे छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन समारोह शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी के नेतृत्व में निर्माणाधीन जिला भाजपा कार्यालय परिसर में पौधारोपण से हुई। इसके पश्चात सभी पदाधिकारियों ने वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारी जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने फूलमाला एवं पार्टी का गमछा पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। अभिनंदन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जिलाध्यक्ष शेषराव यादव का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान "जय जवान, जय किसान" के उदघोष से भाजपा कार्यालय गूंज उठा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसान मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता पर देश के अन्नदाता की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। किसान सरल स्वभाव का होता है और स्वयं अभाव में रहकर भी पूरे देश का पेट भरता है। ऐसे किसानों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा विचार आधारित संगठन है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि किसानों के सम्मान का प्रतीक है। प्रदेश सरकार सिंचाई के विस्तार, किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली, फलदार वृक्षारोपण, कृषि में वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग तथा महिला किसानों को नवाचार से जोड़ने जैसे अनेक कार्य कर रही है। किसान मोर्चा को किसानों और सरकार के बीच सशक्त सेतु बनकर उनकी आय बढ़ाने एवं उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्य करना होगा।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र रघुवंशी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसान मोर्चा की महत्ता इसलिए है क्योंकि किसानों की सेवा ही इसका सबसे बड़ा दायित्व है। संगठन द्वारा मिला दायित्व कोई पद नहीं, बल्कि किसानों की सेवा का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद स्थापित करें और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। किसान मोर्चा किसानों और सरकार के बीच एक सशक्त सेतु बनकर उनकी समस्याओं के समाधान तथा आय वृद्धि के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा।
महापौर विक्रम अहके ने कहा कि किसान मोर्चा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में किए जा रहे हर प्रयास में उनका पूरा सहयोग रहेगा।
भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उईके ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसान मोर्चा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना मोर्चे की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जिला महामंत्री विजय पांडे ने कहा कि वर्ष 2003 बाद से किसानों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर किसानों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करवाना है।
किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पटेल ने कहा कि "जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान" के मंत्र को आत्मसात कर सभी कार्यकर्ताओं को कार्य करना होगा। उन्होंने किसानों को सौर ऊर्जा आधारित खेती से जोड़ने तथा सोलर प्लांट स्थापित कराने की दिशा में भी सक्रिय प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा जिला महामंत्री सत्यनारायण चौरिया एवं आभार प्रदर्शन किसान मोर्चा जिला महामंत्री इन्द्रपाल साहू द्वारा किया गया। समारोह में किसान मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष संदीप रघुवंशी, पूर्व विधायक नत्थनशाह कवरेती, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती ज्योति डेहरिया, जिला महामंत्री कमलेश उइके, विजय पांडे, पूर्व किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय पटेल, पूर्व किसान मोर्चा महामंत्री अलकेश साव, पूर्व नगर पालिक निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र मिगलानी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
