कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दिए महत्वपूर्ण निर्देश
छिंदवाड़ा/जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। साथ ही नवीन एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जहां जरूरत, वहां अनिवार्य रूप से लगाएं रेडियम और रिफ्लेक्टर
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने निर्देश दिए कि जिले में सड़क मार्गों एवं अन्य आवश्यक स्थानों पर जहां भी रेडियम और रिफ्लेक्टर की आवश्यकता है, वहां इन्हें अनिवार्य रूप से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय वाहन चालकों को सड़क एवं अन्य संरचनाएं स्पष्ट रूप से दिखाई देने से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
त्योहारों के मद्देनजर अतिक्रमण पर लगातार कार्रवाई के निर्देश
आगामी त्योहारों को देखते हुए कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ जाती है, इसलिए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए।
मवेशियों की आवाजाही वाले स्थानों पर लगाए जाएं कैटल बोर्ड
कलेक्टर ने नेशनल हाईवे के उन स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां बड़ी संख्या में मवेशी एवं गायें सड़क पर रहती हैं। ऐसे स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार कैटल बोर्ड एवं चेतावनी संकेतक लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क हो सकें और मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में एनएचएआई एवं सड़क संबंधी विभिन्न विभागों के अधिकारी, डीएसपी, यातायात थाना प्रभारी सहित नगर निगम, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग के अधिकारी तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
