शासकीय आईटीआई छिंदवाड़ा में आज जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेलायुवा संगम कार्यक्रम के तहत 7 कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
शासकीय आईटीआई छिंदवाड़ा में आज जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला

युवा संगम कार्यक्रम के तहत 7 कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर

छिंदवाड़ा/कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय छिंदवाड़ा एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन 25 अगस्त 2026, मंगलवार को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक शासकीय आईटीआई छिंदवाड़ा में किया जाएगा।

रोजगार मेले में कुल 7 कंपनियां शामिल होंगी, जो विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन, समग्र आईडी (अनिवार्य) एवं अपने संपूर्ण दस्तावेज तथा रिज्यूम के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर रोजगार मेले का लाभ उठा सकते हैं।

जिला रोजगार अधिकारी माधुरी भलावी ने बताया कि मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा 8वीं से स्नातक एवं आईटीआई/डिप्लोमा योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

मेले में सुरूचि होजरी एंड इलास्टिक प्राइवेट लिमिटेड, बुटीबोरी नागपुर द्वारा सुपरवाइजर, लूम मशीन ऑपरेटर एवं अप्रेंटिसशिप पदों के लिए 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तथा मासिक वेतन 14 हजार से 17 हजार रुपये निर्धारित है।

सागर मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड, ओबेदुल्लागंज द्वारा मशीन ऑपरेटर एवं अप्रेंटिसशिप पदों के लिए 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई योग्यताधारी अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तथा मासिक वेतन 10 हजार से 15 हजार रुपये रहेगा।

आईशर कंपनी ट्रक एंड बस प्राइवेट लिमिटेड, पीथमपुर में मैकेनिक पद के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों हेतु अवसर उपलब्ध होंगे। आयु सीमा 18 से 28 वर्ष तथा मासिक वेतन 12,425 से 16 हजार रुपये निर्धारित है।

भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), छिंदवाड़ा द्वारा केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए बीमा सखी पद हेतु चयन किया जाएगा। 10वीं अथवा 12वीं उत्तीर्ण एवं 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए 7 हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित है।

इसी प्रकार हनु सिक्योरिटी सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, छिंदवाड़ा द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर पदों के लिए 8वीं से स्नातक तक के अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। आयु सीमा 18 से 50 वर्ष तथा वेतन 8 हजार से 17 हजार रुपये मासिक रहेगा।

सतीजा मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, छिंदवाड़ा में सेल्स पद के लिए 12वीं उत्तीर्ण, 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु अवसर उपलब्ध हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 8 हजार से 9 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।

वहीं, एजिस कॉल सेंटर, छिंदवाड़ा द्वारा कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव पद के लिए 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इस पद के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तथा मासिक वेतन 9 हजार रुपये निर्धारित है।

रोजगार विभाग ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default