तामिया सावन महोत्सव का हुआ समापन, पर्यटकों में दिखा उत्साह
छिंदवाड़ा। तामिया सावन महोत्सव में दूर-दूर से आए पर्यटकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ तीन दिवसीय महोत्सव का समापन हो गया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। पर्यटन के माध्यम से रोजगार को नया आयाम देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर होम-स्टे की सुविधा विकसित होने से ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो रही है, जिससे गांवों के विकास और आर्थिक सशक्तिकरण को भी गति मिल रही है।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में तामिया में 21 से 23 अगस्त तक तामिया सावन महोत्सव आयोजित किया गया। समापन समारोह में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार, जनपद पंचायत अध्यक्ष तुलसा परतेती, जुन्नारदेव एसडीएम राजनंदनी ठाकुर, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की वरिष्ठ प्रबंधक गायत्री जोशी, परियोजना अधिकारी आर.डी. सिद्दीकी, सरिता टोपो सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार ने पर्यटन ग्रामों में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी साझा करते हुए ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। महोत्सव के अंतिम दिन बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। झूलों, सेल्फी प्वाइंट और ट्रेकिंग को लेकर पर्यटकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
‘डिस्कवर तामिया’ फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता ‘डिस्कवर तामिया’ के विजेताओं नीरज पुसाम, मयंक यादव, अमित यादव, सौरभ वर्मा एवं राहुल मर्सकोले को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान करने वाले सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया।
