“युवा कनेक्ट” कार्यक्रम के तहत होगा “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ” का आयोजन
छिंदवाड़ा। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर “युवा कनेक्ट” कार्यक्रम के अंतर्गत “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ” कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 600 से अधिक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों एवं युवाओं से वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए मध्यप्रदेश के 21 महाविद्यालयों का चयन किया गया है।
इसी क्रम में छिंदवाड़ा जिले के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा को ‘ए’ श्रेणी में शामिल करते हुए प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं युवाओं से संवाद करेंगे। इसे महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ” कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय के युवा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद में सहभागी होंगे।
उन्होंने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम युवाओं के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास एवं संवाद कौशल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें खेल, युवा सशक्तिकरण और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा। प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की गई है।
