कंटेनर और सफारी कार से 64 लाख का गांजा, पिस्टल-कारतूस सहित 7 तस्कर गिरफ्तार
सच की आंखें न्यूज़ छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। अमरवाड़ा पुलिस ने कंटेनर और टाटा सफारी कार से कुल 320.8 किलोग्राम गांजा, एक अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल फोन एवं 24,090 रुपये नकद बरामद कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के नेतृत्व में थाना प्रभारी अमरवाड़ा राजेन्द्र धुर्वे एवं पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि छिंदवाड़ा की ओर से एक कंटेनर एवं काले रंग की टाटा सफारी कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर अमरवाड़ा होते हुए नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम तेंदनीमाल मेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी की। जांच के दौरान दोनों संदिग्ध वाहन दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर वाहन चालक तेज गति से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए भुमकाघाटी के पास कंटेनर को रोक लिया।
पुलिस को कंटेनर में तीन आरोपी मिले। तलाशी के दौरान केबिन में बनाए गए विशेष गुप्त बॉक्स से सात प्लास्टिक की बोरियों में भरा 252.48 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं टाटा सफारी कार में सवार चार आरोपियों की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड बॉक्स से एक लोडेड पिस्टल एवं पांच जिंदा कारतूस तथा कार के अंदर दो बोरियों में भरा 68.32 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश पहुंचाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के बलांगीर जिले से लाई जा रही थी। इसे रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश पहुंचाया जाना था। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी सदनलाल चौरसिया, निवासी संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश के कहने पर गांजा मंगाया गया था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि जब्त पिस्टल गिरफ्तार आरोपी मोनिस को सदनलाल चौरसिया द्वारा उपलब्ध कराई गई थी।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ ही गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क एवं मादक पदार्थ के स्रोत की विस्तृत जांच कर रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने संतोष गिरी निवासी आगर-मालवा, मोनिस निवासी संतकबीर नगर, अजय यादव, कृष्ण कुमार, आदर्श सिंह एवं शुभम सिंह निवासी जिला बस्ती तथा ऋषभ सिंह निवासी जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के विरुद्ध थाना अमरवाड़ा में अपराध क्रमांक 580/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी अमरवाड़ा निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे, पुलिस टीम, थाना कुंडीपुरा के थाना प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र भगत एवं उनकी टीम तथा सायबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।
