भोपाल/छिन्दवाड़ा । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बालाघाट जिले के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लांजी का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर कक्षा 10वीं के विद्यार्थी उत्साहित नजर आए। डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्य को लेकर चर्चा की तथा कुछ समय शिक्षक की भूमिका निभाते हुए कक्षा में विद्यार्थियों से सवाल-जवाब भी किए।
रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी बांधी। छात्राओं ने राखी के उपहार के रूप में अपने विद्यालय को सांदीपनि विद्यालय में परिवर्तित करने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को निराश नहीं किया और उनके विद्यालय को सांदीपनि विद्यालय बनाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने पूछा—पानी में क्या डालने से लग जाती है आग?
कक्षा 10वीं में रसायन विज्ञान का पीरियड चल रहा था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से सवाल किया कि “पानी में क्या डालने से आग लग जाती है?” इस पर एक छात्रा ने सोडियम को पानी में डालने से आग लगने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने छात्रा के उत्तर की सराहना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ बताया कि वे भविष्य में पीएससी की तैयारी कर अधिकारी बनना चाहते हैं।
महर्षि सांदीपनि के नाम पर रखा गया विद्यालयों का नाम
कक्षा में एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि सीएम राइज विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय क्यों रखा गया है? मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण और उनके मित्र सुदामा के गुरु महर्षि सांदीपनि से प्रेरणा लेकर इन विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में महर्षि सांदीपनि के आश्रम की भावना के अनुरूप बिना किसी भेदभाव के अमीर और गरीब सभी वर्गों के बच्चों को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाए। उन्होंने कहा कि बच्चों का उत्साह, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति रुचि देखकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदयप्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन, विद्यालय का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
