छिंदवाड़ा। जनजातीय कार्य विभाग, जिला छिंदवाड़ा द्वारा प्राथमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक विज्ञान के पदों पर चयनित पात्र अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह नियुक्ति मध्यप्रदेश जनजातीय एवं अनुसूचित जाति शिक्षण संवर्ग (सेवा एवं भर्ती) नियम, 2018 एवं यथासंशोधित प्रावधानों के तहत मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित चयन परीक्षा वर्ष 2025 के परिणाम के आधार पर की गई है।
कार्यालय आयुक्त, जनजातीय कार्य, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिला स्तर पर पात्र अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी करने की कार्रवाई की गई है। आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अनुमोदित नियुक्ति आदेश के प्रारूप के अनुसार छिंदवाड़ा जिले में प्राथमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक विज्ञान के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई है।
विभाग द्वारा बताया गया कि नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नियमों, शर्तों एवं अभ्यर्थियों की पात्रता के आधार पर पूरी की गई है। नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश में उल्लेखित शर्तों एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित संस्था में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
जनजातीय कार्य विभाग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने नियुक्ति आदेश का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें और उसमें दिए गए निर्देशों एवं समय-सीमा के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
