सिंगोड़ी। सावन मास के पावन अवसर पर सिंगोड़ी नगर में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। सावन के अंतिम सोमवार के विशेष अवसर पर राजाधिराज श्री महाकाल महाराज की भव्य पालकी यात्रा कल दोपहर 1 बजे नगर में धूमधाम के साथ निकाली जाएगी।
महाकाल सेवा समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान श्रद्धालु जगह-जगह राजाधिराज महाकाल महाराज की पुष्प वर्षा कर भव्य अगवानी और स्वागत करेंगे। नगर भ्रमण के पश्चात पालकी यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा।
रात्रि 8 बजे होगा विशेष श्रृंगार, इसके बाद विशाल भंडारा
सावन के अंतिम सोमवार की रात्रि 8 बजे भगवान महाकाल महाराज का विशेष एवं मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। विशेष श्रृंगार के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन का लाभ मिलेगा। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया गया है।
श्री महाकाल सेवा समिति एवं समस्त ग्राम व क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भव्य पालकी यात्रा, विशेष श्रृंगार दर्शन एवं महाप्रसाद का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
