भोपाल को बनाएंगे खेलों की राजधानी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय मंच देना प्राथमिकता, खेलों में बेहतर प्रदर्शन के साथ मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
भोपाल को बनाएंगे खेलों की राजधानी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय मंच देना प्राथमिकता, खेलों में बेहतर प्रदर्शन के साथ मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा
तीसरी राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप में भोपाल की टीम ने मारी बाजी, मुख्यमंत्री ने विजेता-उपविजेता टीमों को किया पुरस्कृत

भोपाल/छिंदवाड़ा, 16 अगस्त 2026। भोपाल के बड़े तालाब स्थित जल क्रीड़ा केंद्र (बोट क्लब) में आयोजित तीसरी राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप का रविवार को समापन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया तथा विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का सम्मान किया।

राष्ट्रीय रैंकिंग की इस प्रतियोगिता में भोपाल की सेलिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर चैम्पियनशिप अपने नाम की, जबकि गोवा की टीम उपविजेता और सिकंदराबाद की टीम तीसरे स्थान पर रही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बोट क्लब परिसर में सेलिंग टीमों की प्रदर्शन बोट्स का अवलोकन भी किया।

भोपाल को खेलों की राजधानी बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारी पहचान और युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। पिछले कुछ वर्षों में भोपाल में खेल गतिविधियों का तेजी से विस्तार हुआ है। 18 प्रमुख खेलों में से 11 खेलों की अकादमियां भोपाल में संचालित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भोपाल को खेलों की राजधानी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके लिए हर वर्ष खेल विभाग का बजट बढ़ाया गया है। प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्टेडियम विकसित कर खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में मध्यप्रदेश का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। कभी राष्ट्रीय स्तर पर 17वें स्थान पर रहने वाला मध्यप्रदेश अब अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय रैंकिंग से आगे अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।

भोपाल की झीलें दे रही हैं खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल की झीलों की लहरों पर देश के श्रेष्ठ सेलिंग खिलाड़ियों का हुनर दिखाई देना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। भोपाल की प्राकृतिक झीलें सेलिंग, रोइंग, कायकिंग और केनोइंग जैसे जल खेलों के लिए अनुकूल हैं।

उन्होंने कहा कि राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप के सफल आयोजन से भोपाल की पहचान देश के प्रमुख वाटर स्पोर्ट्स केंद्र के रूप में और मजबूत हुई है। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और विश्वस्तरीय मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

खेल और पर्यटन के विकास पर जोर

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल में एक खेल संग्रहालय भी विकसित किया जाएगा। बड़ी झील में विभिन्न जल खेल प्रतियोगिताओं के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार खेल और पर्यटन के समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है।

विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं खेल मंत्री श्री सारंग ने चैम्पियनशिप की विजेता भोपाल टीम और उपविजेता गोवा टीम को पुरस्कृत किया। भोपाल टीम के खिलाड़ियों वासु चन्द्रवंशी, माही वर्मा, तुलसी पटले, एकलव्य बाथम, वंशिका सिकरवार, इयान पाटीदार, प्रार्थना भोई, अंकित सिसौदिया, समर पंचेश्वर एवं सिद्धि टंडन सहित प्रशिक्षकों जीएल यादव, राम मिलन, नरेंद्र एस. राजपूत एवं अनिल शर्मा को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों कुमारी यामिनी मौर्य (जूडो-रजत पदक), समरदीप सिंह गिल (एथलेटिक्स-शॉट पुट, सातवां स्थान), देवकुमार मीणा (पोल वॉल्ट, चौथा स्थान) एवं कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट, छठा स्थान) को भी सम्मानित किया गया।

सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैम्पियनशिप-2026 में भारतीय महिला ईपीईई टीम को स्वर्ण पदक एवं ईपीईई एकल स्पर्धा में रजत पदक दिलाने वाली खिलाड़ी खुशी दाभाड़े को भी सम्मानित किया गया। वहीं 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाली मध्यप्रदेश की हॉकी टीम के खिलाड़ियों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

12 सेलिंग क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने लिया भाग

उल्लेखनीय है कि 11 से 16 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 12 सेलिंग क्लबों के कुल 87 खिलाड़ियों ने भाग लिया। नेशनल सेलिंग स्कूल भोपाल की टीम ने 20 पदक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। नेवी यूथ स्पोर्ट्स कंपनी गोवा की टीम दूसरे तथा सिकंदराबाद सेलिंग क्लब की टीम तीसरे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता के दौरान भोपाल की अपर लेक पर खिलाड़ियों ने कौशल, संतुलन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2007 में स्थापित मध्यप्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी में सेलिंग सहित विभिन्न जल क्रीड़ाओं के प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध हैं। अकादमी के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं।

कार्यक्रम में खेल सचिव श्री संजीव सिंह, मेजर जनरल श्री टीएसए नारायणन, श्री अजय श्रीवास्तव, श्री अमित श्रीवास्तव, विक्रम अवार्डी सुश्री एकता यादव सहित वाईएआई के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। संयुक्त संचालक खेल श्री बीएस यादव ने आभार व्यक्त किया।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default