भोपाल/छिंदवाड़ा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया अब नहीं रुकेगी। पदोन्नति का क्रम साल-दर-साल जारी रहेगा। इस वर्ष सभी विभागों में पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सभी पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार पदोन्नति का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कर्मचारी हित में लिए जा रहे निर्णयों के लिए मंत्रालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी सुश्री जागृति पटेल और विक्रम अवॉर्ड विजेता सुश्री अंजली वर्मा को सम्मानित किया।
कर्मचारियों की खुशी में सरकार की खुशी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पदोन्नति मिलने के बाद कर्मचारियों के चेहरे पर दिखाई देने वाली प्रसन्नता उनके मनोबल को बढ़ाती है। प्रदेश के विकास और जनकल्याण के बढ़ते कारवां में शासकीय कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार कर्मचारियों को समय पर वेतन, भत्ते और पदोन्नति सहित सभी पात्र लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ये कर्मचारियों का अधिकार है। समय पर मिलने वाले लाभ से कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार होता है और उनके परिवार में भी खुशी आती है। उन्होंने कहा कि किसी निर्णय में होने वाली अनावश्यक देरी भी अन्याय के समान है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित और उनकी पदोन्नति के साथ अपना इमोशन जोड़कर निर्णय लिया है।
सुशासन का आधार पारदर्शी निर्णय और दृढ़ संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पारदर्शी निर्णय और दृढ़ संकल्प सुशासन के आधार स्तंभ हैं। राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में सभी आवश्यक कल्याणकारी निर्णय लेने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने मंत्रालयीन कर्मचारियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
कर्मचारियों के साथ आवास की भी चिंता : सबनानी
विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव कर्मचारियों के वेतन एवं भत्तों के साथ उनके आवास की भी चिंता कर रहे हैं। उन्होंने किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों के हित में जनकल्याणकारी निर्णय लिए हैं।
कार्यक्रम के आयोजक एवं संयोजक श्री सुभाष वर्मा ने मंत्रालय परिवार की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यकाल में कर्मचारी हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। वर्ष 2013 से लंबित भत्तों का भुगतान किया गया और वर्ष 2026 में प्रदेशभर में 1 लाख 25 हजार से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति हुई।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मजबूत प्रशासनिक तंत्र आवश्यक है और मुख्यमंत्री डॉ. यादव कर्मचारी हितैषी निर्णयों के साथ इस व्यवस्था को और मजबूत कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा सहित विभिन्न शासकीय कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
