छिन्दवाड़ा । नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उनके नजदीकी क्षेत्र में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाक विभाग एवं विदेश मंत्रालय के सहयोग से छिंदवाड़ा प्रधान डाकघर में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे छिंदवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए दूर स्थित केंद्रों पर जाने की आवश्यकता कम हुई है।
छिंदवाड़ा पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र के माध्यम से नए पासपोर्ट, पासपोर्ट के पुनः जारीकरण (री-इश्यू) तथा पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) सहित विभिन्न पासपोर्ट सेवाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया में सुविधा प्रदान की जाती है। केंद्र पर नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और अपॉइंटमेंट से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाता है।
अनधिकृत एजेंटों से रहें सावधान
अधीक्षक डाकघर छिंदवाड़ा ने नागरिकों से अपील की है कि पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए अनधिकृत एजेंटों अथवा बिचौलियों पर निर्भर न रहें। नागरिक निर्धारित सरकारी प्रक्रिया एवं शुल्क के अनुसार ही पासपोर्ट सेवाओं का लाभ लें।
पासपोर्ट से संबंधित अधिकृत जानकारी प्राप्त करने तथा ऑनलाइन आवेदन करने के लिए नागरिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल का उपयोग करें। इससे आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है और अनधिकृत व्यक्तियों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से भी बचा जा सकता है।
