छिन्दवाड़ा । मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले से चयनित तीर्थ यात्रियों को मथुरा-वृंदावन की तीर्थ यात्रा पर ले जाने के लिए विशेष ट्रेन 30 अगस्त 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यात्रा की निर्धारित अवधि 30 अगस्त से 2 सितम्बर 2026 तक रहेगी।
जिले से चयनित तीर्थ यात्रियों की सूची संबंधित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों को पूर्व में उपलब्ध कराई जा चुकी है। सभी चयनित यात्रियों को 30 अगस्त को प्रातः 10 बजे तक छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचना अनिवार्य किया गया है।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने यात्रियों को रेलवे स्टेशन तक लाने तथा विशेष ट्रेन में सुरक्षित रूप से बैठाने की समस्त व्यवस्था एवं दायित्व आयुक्त नगर पालिक निगम छिन्दवाड़ा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छिन्दवाड़ा को सौंपा है। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों द्वारा पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। कर्मचारी यात्रियों की गणना कर उन्हें ट्रेन में बैठाएंगे तथा इसकी जानकारी संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल ने बताया कि यात्रा पर जाने वाले सभी चयनित यात्रियों को अपने साथ यात्रा टिकट एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा पैन कार्ड में से कोई एक दस्तावेज साथ रखना होगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र के सभी चयनित यात्रियों को ट्रेन के प्रस्थान स्थल, समय एवं यात्रा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी समय पूर्व उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय पर विशेष ट्रेन छिन्दवाड़ा रेलवे स्टेशन से मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना होगी।
