भारतीय वन प्रबंधन संस्थान, भोपाल में सुबह 11 बजे आयोजित होगा आभार समारोह
भोपाल/छिंदवाड़ा, वन विभाग में शासकीय सेवकों की पदोन्नति प्रक्रिया को गति मिलने के बाद पदोन्नति प्राप्त अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। इसके लिए 24 अगस्त 2026 को भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (आईआईएफएम), नेहरू नगर, भोपाल में आभार समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह सुबह 11 बजे प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
पदोन्नति प्राप्त शासकीय सेवक समारोह के दौरान वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को पूर्ण किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पदोन्नत शासकीय सेवक शामिल होंगे।
समारोह में वन विभाग के मानव संसाधन को और अधिक सशक्त बनाने तथा नई जिम्मेदारियां प्राप्त करने वाले शासकीय सेवकों को बेहतर कार्य निष्पादन के लिए प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा की जाएगी।
