छिन्दवाड़ा । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिला जेल छिंदवाड़ा में निरुद्ध बंदी भाइयों एवं बहनों को अपनी बहनों और भाइयों से राखी बांधने के लिए विशेष रूप से खुली मुलाकात की सुविधा दी गई। यह मुलाकात प्रातः 8:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की गई।
जेल अधीक्षक ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर जेल में निरुद्ध 351 बंदी भाइयों एवं बहनों से मिलने के लिए उनके 893 बहनों एवं भाइयों तथा 308 बच्चों को जेल परिसर में बैठाकर खुली मुलाकात कराई गई। इस दौरान परिजनों ने बंदियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया और भाई-बहन के स्नेह का यह पर्व भावनात्मक माहौल में मनाया गया।
रक्षाबंधन के लिए आवश्यक सामग्री जैसे राखी, मिठाई, श्रीफल एवं रूमाल जेल प्रबंधन द्वारा ही उपलब्ध कराई गई। विशेष बात यह रही कि इनमें से राखियां जिला जेल में निरुद्ध महिला बंदियों द्वारा स्वयं तैयार की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार की बाहरी सामग्री को जेल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
जेल प्रबंधन के अनुसार पूरी मुलाकात के दौरान व्यवस्था शांतिपूर्ण रही और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई। मुलाकात समाप्त होने के बाद 676 पुरुष एवं 43 महिला, कुल 719 बंदियों तथा 3 बच्चों को सकुशल लॉकअप में बंद किया गया।
