सांदीपनि विद्यालयों में परिवहन सुविधा के लिए बस ऑपरेटरों की बैठक 01 अक्टूबर को
गुरैया के लिए 24 और परासिया के लिए 08 बसों की आवश्यकता
छिन्दवाड़ा। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इड़पाचे ने बताया कि जिले में संचालित दो सांदीपनि विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के लिए परिवहन की वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध कराई जानी है। वर्तमान में सांदीपनि विद्यालयों में परिवहन व्यवस्था के लिए निविदा की कार्यवाही संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण, जबलपुर कार्यालय में प्रचलन में है।
उन्होंने बताया कि सांदीपनि विद्यालय गुरैया के लिए 24 बसों तथा सांदीपनि विद्यालय परासिया के लिए 08 बसों की आवश्यकता है। बसों की संख्या एवं क्षमता रूट चार्ट के अनुसार निर्धारित की जाएगी।
इस संबंध में जिले के सभी बस ऑपरेटरों की बैठक 01 अक्टूबर, गुरुवार को दोपहर 3 बजे कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, छिन्दवाड़ा में आयोजित की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के इच्छुक बस ऑपरेटरों से निर्धारित समय एवं स्थान पर बैठक में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।