कलेक्टर नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक स्कूल वाहनों की सघन जांच और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश 02 से 10 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान 03 अक्टूबर को बड़कुही में लगेगा सीएम जनविश्वास समस्या निवारण शिविर
छिन्दवाड़ा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं और शासन की प्राथमिकता वाले विषयों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित जिला स्तरीय एवं मुख्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
जर्जर भवनों में संचालित न हों संस्थान
कलेक्टर श्री नारायन ने सभी विभागों, विशेषकर स्कूल शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग को जर्जर भवनों का चिन्हांकन कर सुरक्षित भवनों में शिफ्टिंग संबंधी प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिवेदन में जर्जर भवनों में की गई कार्रवाई तथा वर्तमान में वहां स्कूल अथवा आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं होने की जानकारी भी स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए।
स्कूल वाहनों की सघन जांच के निर्देश
स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में स्कूल बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित सुरक्षा मानकों, आवश्यक दस्तावेजों और अनिवार्य व्यवस्थाओं की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि मैजिक वाहनों में पीछे के दरवाजे से लगी सीट पर बच्चों को बैठाना उनकी सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। स्कूली वाहनों की गति सीमा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए तथा स्कूल बसों में स्पीड गवर्नर की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों के प्राचार्यों एवं प्रबंधन को पत्र जारी करने तथा आरटीओ को पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
02 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान
बैठक में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। अभियान के तहत 02 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा, 03 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविर, 04 अक्टूबर को वृद्धाश्रम एवं अनाथालय में सेवा, 06 अक्टूबर को आंखों की जांच शिविर, 08 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण संबंधी गतिविधियां तथा 09 अक्टूबर को वृहद पौधारोपण अभियान के साथ सैनिकों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान किया जाएगा। 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को गतिविधियों का प्रभावी संचालन करते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
03 अक्टूबर को बड़कुही में सीएम जनविश्वास शिविर
गांधी जयंती के अवकाश के कारण इस सप्ताह सीएम जनविश्वास अभियान के तहत शिविर का आयोजन नगर परिषद बड़कुही में 03 अक्टूबर को किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा चयनित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कई आवेदनों में ऑनलाइन पोर्टल पर जवाब दर्ज नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्थिति में सुधार के निर्देश दिए।
होटल-रेस्टोरेंट में हाइजीन की जांच जारी रखने के निर्देश
कलेक्टर ने जिले के होटल एवं रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था की नियमित जांच जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हाइजीन मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा कमियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
पीएम श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र श्रमिकों के अधिक से अधिक पंजीयन के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी स्तर पर योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाकर पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने और पंजीयन के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।
पीएमएफएमई प्रकरणों में प्रगति लाने के निर्देश
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पीएमएफएमई योजना से संबंधित प्रकरणों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वीकृत प्रकरणों का मौका मुआयना कर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
परख ऐप पर गुणवत्तापूर्ण निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करें
कलेक्टर ने परख ऐप के माध्यम से किए जा रहे निरीक्षणों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम जनविश्वास अभियान के तहत शासकीय संस्थाओं के औचक निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर कमियों को दूर कराया जाए।
परासिया में शिशु रोग विशेषज्ञों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने परासिया क्षेत्र में शिशु रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता एवं उपस्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि तीन चिकित्सकों की दो-दो दिन की ड्यूटी लगाई गई है और उनके द्वारा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है।
कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम में प्रगति पर जोर
पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी अमले के कार्यों की निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गति से कार्य करने को कहा।
निर्माण कार्यों में सुरक्षा उपाय अनिवार्य
कलेक्टर ने जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा के समुचित उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यस्थल पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए जिला अस्पताल में लगेंगे दो काउंटर
जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को सुविधाजनक एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष जांच दिवसों में दो काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल आने वाली गर्भवती महिलाओं को पंजीयन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान, सीएम हेल्पलाइन, अवमानना प्रकरण, जिला अस्पताल में मैमोग्राफी मशीन के संचालन सहित अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।