भोपाल में 05 से 07 अक्टूबर तक आयोजित होगी “एथिक्स एंड वैल्यूज इन पब्लिक सर्विस” कार्यशाला
शासकीय सेवकों में नैतिक मूल्यों, उत्तरदायी नेतृत्व एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का उद्देश्य
छिन्दवाड़ा । राज्य आनंद संस्थान, मध्यप्रदेश शासन द्वारा आईसी सेंटर फॉर गवर्नेंस, नई दिल्ली के सहयोग से शासकीय सेवकों में सकारात्मक कार्य संस्कृति, उत्तरदायी नेतृत्व तथा जनसेवा के प्रति संवेदनशील एवं आनंदपूर्ण दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। “एथिक्स एंड वैल्यूज इन पब्लिक सर्विस” विषय पर यह कार्यशाला 05 से 07 अक्टूबर 2026 तक आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में आयोजित होगी।
संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों में नैतिक मूल्यों, उत्तरदायी नेतृत्व, सकारात्मक कार्य संस्कृति तथा जनसेवा के प्रति समर्पित दृष्टिकोण का विकास करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुशासन, प्रशासनिक नैतिकता, नेतृत्व क्षमता और जनहित आधारित कार्यप्रणाली सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला में सहभागिता के लिए जिले के विभिन्न शासकीय विभागों से दो-दो अधिकारियों के नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। सभी विभाग प्रमुखों से अपने अधीनस्थ इच्छुक अधिकारियों के नाम निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। इच्छुक अधिकारियों के नामांकन की जानकारी 30 सितंबर 2026 तक जिला कार्यालय को प्रेषित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर नामांकन प्रक्रिया पूर्ण कर कार्यशाला में अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।