उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, 15 से अधिक मौतों व 25 से अधिक लोगों के गंभीर होने का दावा
छिंदवाड़ा। सागर जिले में कथित रूप से जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत और कुछ लोगों की हालत गंभीर होने की खबरों को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने घटना पर चिंता जताते हुए मामले की तत्काल उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आम आदमी पार्टी का दावा है कि घटना में 15 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर हालत में बताए जा रहे हैं। पार्टी ने कहा कि यदि जांच में अवैध अथवा जहरीली शराब के सेवन से मौत की पुष्टि होती है, तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला होगा और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
पार्टी ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे समय में सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा और पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराना होना चाहिए।
आप की प्रमुख मांगें
आम आदमी पार्टी ने सागर की घटना की तत्काल उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध शराब की आपूर्ति करने वालों तथा उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता, गंभीर मरीजों को बेहतर एवं निःशुल्क उपचार तथा जिले में अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की गई है।
पार्टी ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच के बाद जिम्मेदारी तय करते हुए दोषी अधिकारियों एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही सरकार से पीड़ित परिवारों को न्याय और गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की अपील की गई।
