सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक2 से 10 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा कार्य3 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज में जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर, 7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक

2 से 10 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा कार्य

3 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज में जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर, 7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

छिंदवाड़ा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा मेरा योगदान’, 3 एवं 4 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान तथा 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों पर चर्चा कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

बैठक में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, पं. रमेश दुबे, श्री कमलेश उईके, श्री शैलेन्द्र रघुवंशी, श्री अजय सक्सेना, श्री विजय पांडे, श्री धर्मेंद्र मिगलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एएसपी श्री आशीष खरे तथा जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

2 से 10 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा कार्य

‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत जिले में विभिन्न तिथियों पर सेवा एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 2 अक्टूबर को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए संकल्प तथा विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होंगी।

जिला मुख्यालय पर स्वच्छता गतिविधि प्रातः 7 से 9 बजे तक जिला अस्पताल के गेट नंबर-1 से प्रारंभ होगी। इसका समापन अमित ठेंगे चौक पर नुक्कड़ नाटक एवं स्वच्छता शपथ के साथ होगा।

3 अक्टूबर को जिला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा। शिविर से पहले क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

4 अक्टूबर को जिला मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम में प्रातः 10 बजे से सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके बाद शिशु गृह अनाथालय में भी सेवा गतिविधियां की जाएंगी।

6 अक्टूबर को जिला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित होंगे। 8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियां जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

9 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे सोनपुर मोक्षधाम के सामने वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन शाम 5 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सैनिकों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान किया जाएगा।

10 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे शासकीय एलएमबी स्कूल, छिंदवाड़ा में जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा। इन गतिविधियों का आयोजन ब्लॉक स्तर पर भी किया जाएगा।

3 एवं 4 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 3 अक्टूबर को जिले के सभी 9 विकासखंडों तथा 4 अक्टूबर को सभी नगरीय निकायों एवं नगर निगम छिंदवाड़ा के पांचों जोन में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में एक ही स्थान पर आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया तथा पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित एसडीएम को इन शिविरों का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक-एक सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में कलश एवं कृत्रिम मशाल शामिल रहेगी। विभिन्न मार्गों से होते हुए सभी यात्राएं जिला मुख्यालय स्थित पोला ग्राउंड पहुंचेंगी।

पोला ग्राउंड में जनप्रतिनिधियों एवं जनसमूह की उपस्थिति में सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

बैठक में कलश यात्राओं के रूट चार्ट को लेकर जनप्रतिनिधियों से चर्चा की गई। जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए नगर निगम को दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल संचालन के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने