जब सपनों को मिली पक्की छत, तब बदली जिंदगी की तस्वीरप्रधानमंत्री आवास योजना से श्री सनकी भारती के परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना, बढ़ा सम्मान और आत्मविश्वास

जब सपनों को मिली पक्की छत, तब बदली जिंदगी की तस्वीर

प्रधानमंत्री आवास योजना से श्री सनकी भारती के परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना, बढ़ा सम्मान और आत्मविश्वास

तामिया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों के लिए केवल पक्का मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, स्थायित्व और सम्मान लाने का माध्यम बन रही है। जनपद पंचायत तामिया की ग्राम पंचायत छिंदी निवासी श्री सनकी भारती पिता श्री छोटेलाल भारती का परिवार भी इस योजना से लाभान्वित होकर अब सुरक्षित और बेहतर जीवन जी रहा है।

कुछ वर्ष पहले तक श्री सनकी भारती का परिवार कच्चे छप्परनुमा मकान में रहने को मजबूर था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने, दीवारों में सीलन और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा परिवार के लिए परेशानी का कारण बना रहता था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण परिवार के लिए स्वयं पक्का मकान बनाना संभव नहीं था।

वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत श्री सनकी भारती का आवास स्वीकृत हुआ। योजना के तहत उन्हें दो लाख रुपये की आवास सहायता राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 95 दिवस की मजदूरी का लाभ भी मिला। शासन से मिली आर्थिक सहायता और परिवार के सदस्यों की मेहनत से पक्के आवास का निर्माण पूरा हुआ।

आज श्री सनकी भारती का परिवार सुरक्षित और व्यवस्थित पक्के मकान में निवास कर रहा है। जहां पहले बारिश का मौसम परिवार के लिए चिंता लेकर आता था, वहीं अब हर मौसम में परिवार खुद को सुरक्षित महसूस करता है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है और परिवार के जीवन स्तर में भी सुधार आया है।

आवास योजना के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के अभिसरण से परिवार को अन्य सुविधाओं का भी लाभ मिला है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, सौभाग्य योजना से विद्युत कनेक्शन, जल जीवन मिशन के माध्यम से नल-जल सुविधा, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत खाद्यान्न जैसी सुविधाओं ने परिवार के जीवन को और बेहतर बनाया है। ग्रामीण आजीविका मिशन से भी परिवार को सामाजिक एवं आर्थिक संबल मिला है।

श्री सनकी भारती बताते हैं कि पहले कच्चे मकान की समस्याएं और असुरक्षा रोजमर्रा की चिंता बनी रहती थीं। पक्का मकान मिलने के बाद परिवार में सुरक्षा और स्थायित्व का भाव आया है। अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने से आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ है और भविष्य के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

श्री सनकी भारती का पक्का मकान अब उनके परिवार के लिए सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत का आधार बन गया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने