पट्टी तिराहा पर गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
2 किलो 120 ग्राम गांजा और मोटरसाइकिल सहित 86 हजार रुपये का मशरूका जब्त, एक आरोपी फरार
पन्ना। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 120 ग्राम अवैध गांजा तथा एक मोटरसाइकिल सहित कुल 86 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया गया है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक MP 35 MC 9945 पर एक बोरी में गांजा लेकर पट्टी तिराहा, लक्ष्मीपुर रोड के पास खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2 किलो 120 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36 हजार रुपये, तथा होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 86 हजार रुपये बताई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली पन्ना में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दशरथ यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम बिलखुरा, थाना कोतवाली पन्ना तथा प्रमोद यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम बिलखुरा, थाना कोतवाली पन्ना के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद शिवम यादव, निवासी ग्राम कल्याणपुर फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रज्ञा परोहा, प्रधान आरक्षक वृषकेतु रावत, आरक्षक संदीप तिवारी, राहुल सिंह, अमित द्विवेदी, प्रसंग मिश्रा, जीतेन्द्र पटेल, लक्ष्मीनारायण तथा चालक परमलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।