नई कृषि तकनीक से किसानों को मिलेगा लाभ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उमरिया को जल्द मिलेगी बड़ी फूड प्रोसेसिंग यूनिट की सौगात, बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली किया संबोधित
छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए प्रदेश में नई कृषि तकनीक, सिंचाई सुविधाओं और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार ने कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों के हित में कई गतिविधियां और योजनाएं संचालित की हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उमरिया में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तम खेती के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा जरूरी है। राज्य सरकार हर गांव और हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने किसानों से धान और श्रीअन्न फसलों के उपार्जन के लिए समय पर पंजीयन कराने की अपील की, ताकि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इसी सीजन से किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने किसानों से गोपालन, दुग्ध उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि उमरिया जिले में जल्द ही एक बड़ी फूड प्रोसेसिंग यूनिट शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन को पंचायत स्तर पर दुग्ध संकलन समितियों के पंजीयन में तेजी लाने तथा किसान चौपाल आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना का भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण आबादी क्षेत्र के अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जा रही है। किसानों को भी स्वामित्व योजना का लाभ मिल रहा है। संपत्ति की पक्की रजिस्ट्री मिलने से हितग्राही बैंक ऋण सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए इसका उपयोग कर सकेंगे।
उन्होंने किसानों से कस्टम हायरिंग सेंटर, सोलर पंप सहित अन्य कृषक कल्याण योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से जोड़कर कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है।
विद्यार्थियों को भी मिल रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित और समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए विद्यार्थियों के हित में भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शासकीय स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी प्रदान की जा रही हैं। प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें, गणवेश और साइकिलें दी जा रही हैं। प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय भी प्रारंभ किए गए हैं।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने उमरिया में उपस्थित मंत्री नागर सिंह चौहान एवं पूर्व मंत्री मीना सिंह से भी संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।