पंचायत उप निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रियनोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, विभिन्न निर्वाचन व्यवस्थाओं की सौंपी गई जिम्मेदारी

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
पंचायत उप निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय
नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, विभिन्न निर्वाचन व्यवस्थाओं की सौंपी गई जिम्मेदारी

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल के निर्देशों के पालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्री हरेंद्र नारायन ने जिले की विभिन्न पंचायतों में रिक्त पदों के लिए होने वाले पंचायत उप निर्वाचन (पूर्वार्ध) 2026 के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए नोडल, सहायक नोडल एवं सहयोगी अधिकारियों-कर्मचारियों की नियुक्ति की है। सभी अधिकारियों को निर्वाचन से संबंधित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्यों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ समय पर पूरा किया जाए। सौंपे गए दायित्वों की नियमित समीक्षा समय-सीमा की बैठकों में की जाएगी।

इन व्यवस्थाओं की सौंपी गई जिम्मेदारी

उप निर्वाचन के दौरान ईव्हीएम प्रबंधन एवं रेण्डमाइजेशन, मानव संसाधन प्रबंधन, प्रशिक्षण व्यवस्था, मतदान एवं मतगणना सामग्री, मतपेटी प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, मतपत्र मुद्रण, ईव्हीएम एवं महत्वपूर्ण सामग्री की सुरक्षा, कम्प्यूटरीकरण एवं आईटी प्रबंधन, शिकायत निवारण, कम्यूनिकेशन प्लान, कंट्रोल रूम तथा मानदेय वितरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

ईव्हीएम प्रबंधन के लिए कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवाएं संभाग क्रमांक-1 छिंदवाड़ा एवं शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा के प्राध्यापक डॉ. पी.एन. सनेसर को दायित्व दिया गया है। वहीं ईव्हीएम मशीनों के त्रुटिरहित रेण्डमाइजेशन के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशिक्षण प्रबंधन, मतदान एवं मतगणना सामग्री, कानून-व्यवस्था, आईटी प्रबंधन तथा शिकायत निवारण सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों को नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित जनपद पंचायतों के रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को मतदान और मतगणना कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default