मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 का छठवां शुक्रवारतराई और आसपास के ग्रामों में पहुंचे कलेक्टर हरेंद्र नारायन सहित जिला अधिकारीशासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जनसमस्या निवारण शिविर में सुनीं ग्रामीणों की शिकायतें

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 का छठवां शुक्रवार

तराई और आसपास के ग्रामों में पहुंचे कलेक्टर हरेंद्र नारायन सहित जिला अधिकारी

शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जनसमस्या निवारण शिविर में सुनीं ग्रामीणों की शिकायतें

छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शासकीय सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत छठवें शुक्रवार को जिले के जिला, अनुविभाग एवं खंड स्तर के अधिकारी फील्ड में पहुंचे। अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने विकासखंड जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत तराई एवं आसपास के ग्रामों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर जनसुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संस्थाओं के संचालन, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्र एवं नर्सरी स्कूल भाखरा का निरीक्षण

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र एवं नर्सरी स्कूल भाखरा का निरीक्षण कर पोषण आहार वितरण एवं केंद्र संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए अक्षर, भाषा एवं अंक ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे। आंगन मिलन उत्सव के अवसर पर बच्चों को ड्राइंग शीट, पेंसिल एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री से युक्त किट भी वितरित की गई।

प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों का परखा शैक्षणिक स्तर

प्राथमिक शाला भाखरा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों से पर्यावरण एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। कुछ विद्यार्थियों द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिए जाने पर उन्होंने शिक्षकों को अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता में सुधार करने तथा विद्यार्थियों के लर्निंग लेवल को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं विषयों की पुनरावृत्ति के लिए प्रेरित किया।

छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कलेक्टर ने शासकीय जूनियर आदिवासी बालक छात्रावास गोप का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थिति पंजी, भोजन व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपतराई का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, ओपीडी, टीकाकरण कक्ष, स्टोर रूम एवं दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। साथ ही एंटी स्नेक वेनम सहित अन्य आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

जनसमस्या निवारण शिविर में शिकायतों की समीक्षा

निरीक्षण के बाद कलेक्टर ग्राम पंचायत तराई में आयोजित खंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे। शिविर में आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने एक-एक आवेदन एवं शिकायत की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के आवेदनों के साथ सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति से संबंधित शिकायत की जांच में जन्म प्रमाण-पत्र में दर्ज जानकारी एवं प्रक्रिया में विसंगति का मामला सामने आया। निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना जन्म प्रमाण-पत्र जारी किए जाने के मामले में कलेक्टर ने ग्राम पंचायत खुमकाल के सचिव के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुन्नारदेव के मेडिकल ऑफिसर के व्यवहार एवं समय पर उपस्थित नहीं होने संबंधी शिकायत पर एसडीएम जुन्नारदेव ने बताया कि चिकित्सक को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है। कलेक्टर ने प्रकरण में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में लापरवाही संबंधी शिकायत की समीक्षा के दौरान पीएम आवास जुन्नारदेव के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर की भूमिका संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, एक अन्य शिकायत में बिना परीक्षण एवं तथ्यात्मक जांच के प्रकरण को दूसरे विभाग में स्थानांतरित किए जाने पर महाप्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छिंदवाड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। शिविर में कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर पूर्व विधायक जुन्नारदेव नत्थनशाह कवरेती, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, वनमंडलाधिकारी साहिल गर्ग, एसडीएम परासिया शुभम यादव, एसडीएम जुन्नारदेव राजनंदिनी सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला, अनुविभाग एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने