सेवा संकल्प अभियान 2026 : ‘मेरे सपनों का भारत’ पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभाचित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता व आत्मविश्वास से मोहा मनविद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह देखकर गदगद हुए प्रभारी मंत्री राकेश सिंह

सेवा संकल्प अभियान 2026 : ‘मेरे सपनों का भारत’ पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता व आत्मविश्वास से मोहा मन

विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह देखकर गदगद हुए प्रभारी मंत्री राकेश सिंह

छिंदवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने रंगों और अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से अपने सपनों के भारत की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियां भी सुनीं।

कक्षा 12वीं की छात्रा भूमिका भादे और कक्षा 11वीं के छात्र तनिष्क जैन ने भाषण प्रतियोगिता में प्रभावी ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। उनकी अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास की प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने प्रशंसा की तथा दोनों प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की गार्गी पराडकर ने प्रथम, कक्षा 11वीं की अक्षरा ओक्टे ने द्वितीय तथा कक्षा 10वीं की दिव्यांशी भोयर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास और कल्पनाशीलता को देखकर मन प्रफुल्लित हो गया। देश का भविष्य इन्हीं होनहार विद्यार्थियों के हाथों में है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव और स्मृतियां भी विद्यार्थियों के साथ साझा कीं।

प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीम संभावनाएं हैं। भारत को विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने के लिए अपनी योग्यता को निखारें और समाज के सामने सकारात्मक रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से सफलता प्राप्त की जा सकती है। असफलताओं से सीख लेकर अपनी कमियों को दूर करते हुए लगातार आगे बढ़ते रहें। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे, श्री विजय पांडे, श्री कमलेश उइके, श्री अजय सक्सेना, श्री भारत घई, श्री धर्मेंद्र मिगलानी, श्री संजय पटेल, श्री राजू नंदवंशी, श्रीमती अमिता बरैया, श्रीमती वंदना विश्वकर्मा एवं श्रीमती आरती खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इडपाचे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सत्येन्द्र सिंह मरकाम तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेंद्र साहू सहित जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थियों के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने