मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को मिली रफ्तार, छिंदवाड़ा के 304 होनहारों को मिली स्कूटी
उत्कृष्ट विद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम, प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने किया स्कूटी वितरण
छिंदवाड़ा। प्रदेश शासन की मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान कर उनकी मेहनत और उपलब्धि को सम्मानित किया गया। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की सौगात दी। इसी क्रम में छिंदवाड़ा जिले के 304 विद्यार्थियों को भी स्कूटी प्रदान की गई।
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंदवाड़ा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। विकासखंड छिंदवाड़ा के 55 मेधावी विद्यार्थियों ने प्रभारी मंत्री श्री सिंह के हाथों स्कूटी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिले में कुल 304 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की गई, जिनमें 159 छात्राएं और 145 छात्र शामिल हैं। स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने इसे अपनी मेहनत और उपलब्धि के लिए महत्वपूर्ण प्रोत्साहन बताया। स्कूटी मिलने से उच्च शिक्षा के लिए आने-जाने में सुविधा होगी और विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत शासकीय विद्यालयों की कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पात्र विद्यार्थियों को स्कूटी खरीदने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उच्च शिक्षा के लिए उनकी आवागमन संबंधी सुविधा को बेहतर बनाना है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे, श्री विजय पांडे, श्री कमलेश उइके, श्री अजय सक्सेना, श्री भारत घई, श्री धर्मेंद्र मिगलानी, श्री संजय पटेल, श्री राजू नंदवंशी, श्रीमती अमिता बरैया, श्रीमती वंदना विश्वकर्मा एवं श्रीमती आरती खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इडपाचे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सत्येन्द्र सिंह मरकाम तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेंद्र साहू सहित जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थियों के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। संबंधित विकासखंडों के मेधावी विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्कूटी वितरित की गई।