जल जीवन मिशन से बदली लोहारा की तस्वीर, हर घर पहुंचा नल से स्वच्छ जल

जल जीवन मिशन से बदली लोहारा की तस्वीर, हर घर पहुंचा नल से स्वच्छ जल
जल जीवन मिशन से बदली लोहारा की तस्वीर, हर घर पहुंचा नल से स्वच्छ जल

सच की आंखें न्यूज़ | बालाघाट | संवाददाता भीमराव डोंगरे

बालाघाट, 18 सितंबर 2026। जल जीवन मिशन के तहत बालाघाट विकासखंड के ग्राम लोहारा में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान हुआ है। कभी पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था, वहीं अब गांव के घरों में नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। करीब 1436 की आबादी वाले इस गांव में योजना के तहत 296 परिवारों को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) दिए गए हैं।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत करीब 77.35 लाख रुपये की लागत से पेयजल योजना का कार्य कराया गया। योजना में उच्च स्तरीय पानी की टंकी के साथ दो सम्पवेल का निर्माण किया गया तथा गांव में पाइपलाइन नेटवर्क बिछाकर घर-घर नल कनेक्शन पहुंचाए गए।

महिलाओं और बेटियों को मिली राहत

नल से पानी पहुंचने से सबसे बड़ी राहत महिलाओं और बेटियों को मिली है। पहले उन्हें हैंडपंप और कुओं से पानी लाने के लिए दूर तक जाना पड़ता था। गर्मी के दिनों में जलस्रोतों में पानी कम होने से परेशानी और बढ़ जाती थी। अब घर पर ही पानी उपलब्ध होने से उनका समय बच रहा है, जिसका उपयोग बच्चों की पढ़ाई, परिवार की देखभाल और आजीविका से जुड़े कार्यों में किया जा रहा है।

जल संरक्षण के प्रति बढ़ी जागरूकता

योजना से ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा मिलने के साथ ही जल संरक्षण और जल प्रबंधन के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की सुविधा उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने के साथ स्वच्छता और बेहतर जीवनशैली में भी मददगार साबित हो रही है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग और जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने