एमपी ट्रांसको के 220 केवी सबस्टेशन छिंदवाड़ा में तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
प्रशिक्षु अभियंताओं एवं सबस्टेशन परिचारकों को संचालन, सुरक्षा एवं आधुनिक प्रणालियों की दी गई जानकारी
छिन्दवाड़ा। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 220 केवी सबस्टेशन छिंदवाड़ा में परीक्षण एवं संचार वृत्त सिवनी के अंतर्गत प्रशिक्षु सहायक अभियंताओं, कनिष्ठ अभियंताओं एवं सबस्टेशन परिचारकों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण एवं सबस्टेशन भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परीक्षण संभाग छिंदवाड़ा, सिवनी एवं नरसिंहपुर के प्रशिक्षु अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
सबस्टेशन संचालन एवं सुरक्षा प्रक्रियाओं की दी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में परीक्षण एवं संचार वृत्त सिवनी-छिंदवाड़ा के अधीक्षण अभियंता श्री एन.एस. लोधी, कार्यपालन अभियंता परीक्षण छिंदवाड़ा श्री दीपक कुमार पारधी, सहायक अभियंता परीक्षण छिंदवाड़ा श्री एस.आर. निम्बुरकर एवं 220 केवी सबस्टेशन छिंदवाड़ा के सहायक अभियंता श्री दिनेश पवार ने प्रशिक्षुओं को सबस्टेशन संचालन, सुरक्षा मानकों तथा विद्युत प्रणाली से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
पावर ट्रांसफॉर्मर के इरेक्शन, परीक्षण एवं कमीशनिंग की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान 200 एमवीए क्षमता के 220/132/33 केवी पावर ट्रांसफॉर्मर के इरेक्शन, परीक्षण एवं कमीशनिंग से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षुओं को सबस्टेशन संचालन एवं परमिट प्रणाली, ट्रिपिंग की स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई तथा लाइन एवं ट्रांसफॉर्मर ट्रिप होने पर न्यूमेरिकल रिले में फॉल्ट रिपोर्ट देखने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके अलावा ब्रेकडाउन एवं शटडाउन के दौरान अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली तथा एसी एवं डीसी सप्लाई फेल होने की स्थिति में आवश्यक सुरक्षा उपायों और कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।
स्काडा एवं फोटे प्रणाली की कार्यप्रणाली से कराया अवगत
प्रशिक्षण के दौरान बस कप्लर पर लोड स्थानांतरण की प्रक्रिया, कार्य प्रारंभ करने से पूर्व डिस्चार्ज रॉड लगाने एवं हटाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, बैटरी एवं बैटरी चार्जर के संचालन एवं संधारण तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रशिक्षुओं को फोटे एवं स्काडा प्रणाली की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने सबस्टेशन में स्थापित विभिन्न उपकरणों एवं तकनीकी प्रणालियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा उनके संचालन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण का उद्देश्य तकनीकी दक्षता के साथ-साथ विद्युत सुरक्षा प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता एवं कार्यकुशलता को बढ़ाना रहा।