आबकारी विभाग की कार्रवाई में देशी-विदेशी शराब, महुआ लहान एवं हाथ भट्टी शराब बरामद
अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई, 4 प्रकरण दर्ज
छिन्दवाड़ा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त छिंदवाड़ा क्रमांक-01 एवं 02 की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग की टीम ने सोमाढ़ाना के जंगल क्षेत्र में डेम के किनारे तथा रोहना स्थित सिसोदिया ढाबा में दबिश देकर अवैध मदिरा एवं उससे संबंधित सामग्री बरामद की। कार्रवाई के दौरान विदेशी मदिरा ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 29 पाव, देशी मसाला मदिरा के 16 पाव, करीब 4000 किलोग्राम महुआ लहान तथा 45 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार बरामद सामग्री के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के अंतर्गत कुल 4 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं वृत्त प्रभारी श्री जी.एल. मरावी, आबकारी उप निरीक्षक श्री वासुदेवाचार्य त्रिपाठी, श्री जीत सिंह धुर्वे, वृत्त प्रभारी श्री नरेंद्र नागेश सहित आबकारी विभाग के प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकगण शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।