मानसून सक्रिय रहने तक बेहद सतर्क रहें अधिकारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादवबाढ़ प्रभावितों को तत्काल भोजन, कपड़े और सूखा राशन उपलब्ध कराने के निर्देशबीते एक माह में 2,783 से अधिक लोगों का सफल रेस्क्यू

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मानसून सक्रिय रहने तक बेहद सतर्क रहें अधिकारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बाढ़ प्रभावितों को तत्काल भोजन, कपड़े और सूखा राशन उपलब्ध कराने के निर्देश बीते एक माह में 2,783 से अधिक लोगों का सफल रेस्क्यू

भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में अतिवृष्टि के कारण कुछ क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी है। नागरिकों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून सक्रिय रहने तक सभी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, होमगार्ड, फील्ड अधिकारी और राहत-बचाव एजेंसियां पूरी सजगता एवं तत्परता के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को होमगार्ड कार्यालय स्थित एसडीआरएफ स्टेट कमांड सेंटर पहुंचकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों, होमगार्ड एवं बचाव दल के अधिकारियों से चर्चा कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है, वहां प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया जाए। प्रभावित परिवारों को भोजन, कपड़े और आवश्यक सूखा सामान उपलब्ध कराने के साथ नियमानुसार राहत राशि भी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में किसी भी नागरिक को अकेला न छोड़ा जाए।

रेस्क्यू ऑपरेशन का लाइव निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पन्ना, गुना, रीवा, सतना सहित पूर्वी मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। पन्ना की किलकिला नदी में बाढ़ के कारण एसडीईआरएफ द्वारा चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का लाइव निरीक्षण भी किया।

उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रशासनिक अमले को पूरी मुस्तैदी से कार्य करने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत एवं बचाव पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।

एक माह में 2,783 से अधिक लोगों का रेस्क्यू

मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। बीते एक माह में आपदा प्रबंधन टीमों की मदद से 2,783 से अधिक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए शासन पूरी तरह सतर्क है। अचानक बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल और राहत दलों ने पूरी दक्षता एवं तत्परता के साथ कार्य किया है और प्रदेशवासियों के जान-माल एवं मवेशियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default