मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दुबई प्रवास से मध्यप्रदेश की वैश्विक निवेश संभावनाओं को मिलेगा नया आयाम6 से 9 सितंबर तक दुबई प्रवास पर रहेंगे मुख्यमंत्रीएआईएम कांग्रेस-2026 में मध्यप्रदेश की औद्योगिक एवं पर्यटन क्षमता का होगा प्रदर्शन

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दुबई प्रवास से मध्यप्रदेश की वैश्विक निवेश संभावनाओं को मिलेगा नया आयाम 6 से 9 सितंबर तक दुबई प्रवास पर रहेंगे मुख्यमंत्री. एआईएम कांग्रेस-2026 में मध्यप्रदेश की औद्योगिक एवं पर्यटन क्षमता का होगा प्रदर्शन

भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे इन्वेस्ट मध्यप्रदेश–दुबई 2026 के तहत संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और वैश्विक कारोबारी नेतृत्व से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्यप्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की औद्योगिक एवं पर्यटन क्षमता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दुबई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव एआईएम कांग्रेस-2026 में भी सहभागिता करेंगे। वे मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करने के साथ ही विभिन्न देशों के नीति-निर्माताओं, निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, व्यावसायिक सहयोग और नए अवसरों पर चर्चा होगी।

पहले दिन प्रवासी भारतीयों और कारोबारी प्रतिनिधियों से संवाद

6 सितंबर को दुबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रवासी भारतीय समुदाय से संवाद करेंगे। इसके बाद ओडीओपी स्टॉल का उद्घाटन किया जाएगा, जहां मध्यप्रदेश के बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट सहित विभिन्न स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल तथा दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात करेंगे। वे अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही एवं सदस्यों को इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे और वैश्विक निवेशकों के साथ संवाद करेंगे।

एआईएम कांग्रेस में मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता का प्रदर्शन

7 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. यादव एआईएम कांग्रेस-2026 में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। यहां प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसरों और प्रमुख क्षेत्रों की संभावनाओं को अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे। इसके साथ ही वे एआईएम कांग्रेस के लीडर्स सेशन को संबोधित करेंगे।

इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश–इंडिया निवेश सत्र में मुख्यमंत्री प्रदेश की निवेश संभावनाओं और नीतिगत तैयारियों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे। वे यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों से उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे।

लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यूसुफ अली एम.ए. के साथ बैठक भी कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा रहेगी।

प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें

8 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. यादव यूएई के प्रमुख निवेशकों एवं उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट जोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल सहित प्रमुख कारोबारी समूह शामिल हैं।

मुख्यमंत्री शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक करेंगे। शारजाह चैंबर एवं आईबीपीसी शारजाह के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर चर्चा की जाएगी तथा उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

इसके अलावा रियल एस्टेट, शहरी विकास और अन्य क्षेत्रों में संभावित निवेश एवं सहयोग को लेकर प्रमुख कारोबारी समूहों के साथ चर्चा होगी।

निवेश अवसरों पर विशेष संवाद

8 सितंबर की शाम ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश : निवेश अवसरों पर संवाद’ सत्र आयोजित होगा। इसमें यूएई के व्यवसाय एवं परोपकार के लिए विशेष दूत बद्र जाफर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक एवं पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह दुबई प्रवास मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और निवेश अनुकूल नीतियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ निवेश प्रस्तावों और दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदारियों को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहेगा। मुख्यमंत्री 9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default