वार्ड-29 में डेंगू रोकथाम के लिए 164 घरों का सर्वे14 घरों में मिले एडीज मच्छर के लार्वा का किया गया नष्टीकरण

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

वार्ड-29 में डेंगू रोकथाम के लिए 164 घरों का सर्वे 14 घरों में मिले एडीज मच्छर के लार्वा का किया गया नष्टीकरण

छिंदवाड़ा। डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र के पंडित मदन मोहन मालवीय वार्ड क्रमांक-29 में एडीज मच्छर के लार्वा की जांच के लिए विशेष सर्वे अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की छह टीमों ने क्षेत्र के 164 घरों का सर्वे किया, जिसमें 14 घरों में एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए। इन लार्वा का मौके पर ही नष्टीकरण किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि घरों में रखे पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज की ट्रे, टांके-टंकियां और पुराने टायरों की नियमित जांच करें। पानी के पात्रों को खाली कर उनकी सफाई करें और जलभराव वाले स्थानों को समाप्त करें। ऐसे बड़े पानी के कंटेनर, जिनकी सफाई या ढंकना संभव नहीं है, उनमें स्वास्थ्य विभाग की सलाह के अनुसार आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की गई।

मच्छरों से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए मच्छरदानी का उपयोग करने तथा घरों के आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द तथा नाक या मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। डेंगू की जांच के लिए जिला चिकित्सालय एवं छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में डेंगू एलिसा टेस्ट निःशुल्क उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से डेंगू की रोकथाम के लिए नियमित रूप से पानी के स्रोतों की जांच करने और मच्छरों के प्रजनन को रोकने में सहयोग करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default