हर्रई में माटी गणेश-सिद्ध गणेश प्रशिक्षण आयोजित
नवांकुर सखियों ने सीखा मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का हुनर
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक आशीष नेमा के मार्गदर्शन में विकासखंड हर्रई के सेक्टर क्रमांक-2 में माटी गणेश-सिद्ध गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
नवांकुर संस्था अमिषा सामाजिक कल्याण एवं विकास समिति, बरूल द्वारा आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण में नवांकुर सखियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि सिखाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से “घर-घर गणेश, हर घर गणेश विराजे माटी गणेश” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने से प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी-नालों में प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सकती है। संस्था के अध्यक्ष शिव कुमार उईके ने माटी गणेश की प्रतिमा बनाकर प्रतिभागियों को प्रक्रिया समझाई। वहीं मूर्तिकार अमित प्रजापति ने भी प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में मोहिनी यादव, पूजा यादव, कौशल्या यादव, सीमा यादव, कल्पना यादव, सरिता यादव सहित ग्राम के सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
