युवा संगम के तहत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन 29 सितंबर को
पांच कंपनियां होंगी शामिल, युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार और अप्रेन्टिसशिप के अवसर
छिंदवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेला 29 सितंबर 2026, मंगलवार को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था परिसर, व्हीआईपी रोड, छिंदवाड़ा में आयोजित होगा। मेले में पांच कंपनियां शामिल होकर विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन, समग्र आईडी (अनिवार्य) तथा आवश्यक दस्तावेज एवं रिज्यूम के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर रोजगार मेले का लाभ ले सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी माधुरी भलावी ने बताया कि मेले में हिमालयन फूड्स एंड डेरीवेटिव्स प्राइवेट लिमिटेड, सलैया द्वारा ऑपरेटर पद के लिए आईटीआई योग्यता वाले अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। वेतनमान 10 हजार रुपये तथा आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित है।
क्वीस कॉर्प प्राइवेट लिमिटेड, पुणे द्वारा मशीन ऑपरेटर पद के लिए 10वीं/12वीं, आईटीआई एवं डिप्लोमा योग्यताधारी अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। वेतनमान 18 हजार से 18,600 रुपये तथा आयु सीमा 18 से 30 वर्ष है।
अंबुजा फाउंडेशन प्राइवेट लिमिटेड, छिंदवाड़ा द्वारा इलेक्ट्रीशियन पद के लिए 10वीं/12वीं, स्नातक एवं आईटीआई योग्यताधारी अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। वेतनमान 10 हजार से 15 हजार रुपये तथा आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित है।
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), छिंदवाड़ा द्वारा केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए बीमा सखी पद पर चयन किया जाएगा। इसके लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। वेतनमान 7 हजार रुपये तथा आयु सीमा 18 से 70 वर्ष निर्धारित है।
इसी प्रकार एनआईआईटी फाउंडेशन, छिंदवाड़ा द्वारा ऑपरेटर पद के लिए 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। वेतनमान 9,500 रुपये तथा आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित है।
जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।