प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने किया सिंगोड़ी-खिरेटी मार्ग के उन्नयन कार्य का भूमिपूजन
78.76 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सिंगल लेन मार्ग होगा डबल लेन में विकसित
30 से अधिक ग्रामों के ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर आवागमन का लाभ
यह केवल भूमिपूजन नहीं, किसानों को मंडियों और बच्चों को स्कूल से जोड़ने वाला मार्ग है : प्रभारी मंत्री
छिंदवाड़ा। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने विकासखंड अमरवाड़ा की ग्राम पंचायत खकराचौरई में आयोजित कार्यक्रम में सिंगोड़ी-हिवरखेड़ी-मानेगांव-पिपरिया गुमानी-अकलमा-खुर्शीपार-खिरेटी मार्ग के उन्नयन कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। 78.76 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होने वाले इस कार्य के तहत वर्तमान सिंगल लेन मार्ग को डबल लेन में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, नगर निगम छिंदवाड़ा महापौर श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव, श्री विजय पांडे, श्री अजय सक्सेना, श्री टीकाराम चंद्रवंशी, श्री धर्मेंद्र मिगलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम अमरवाड़ा श्री हेमकरण धुर्वे सहित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण का भूमिपूजन नहीं है, बल्कि किसानों को उनकी उपज के बेहतर विपणन के लिए मंडियों से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा से उन विद्यार्थियों को भी राहत मिलेगी, जिन्हें बरसात के दिनों में कठिन रास्तों से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास को गांव और लोगों के घरों तक पहुंचाने का माध्यम है। बेहतर सड़कें शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को सुगम बनाती हैं। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा जिले में 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत के सड़क एवं पुल निर्माण कार्य स्वीकृत हैं। इनमें अनेक कार्य प्रगति पर हैं, जबकि कई कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सड़क निर्माण में आवश्यक मिट्टी की खुदाई को व्यवस्थित तरीके से कर ऐसे स्थानों को स्थायी जल संरचनाओं के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन्हें ‘लोक कल्याण सरोवर’ के रूप में विकसित करने के साथ सड़क किनारे रिचार्ज बोर एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाएं भी बनाई जाएंगी।
28.30 किलोमीटर मार्ग का होगा चौड़ीकरण
सिंगोड़ी-हिवरखेड़ी-मानेगांव-पिपरिया गुमानी-अकलमा-खुर्शीपार-खिरेटी मुख्य जिला मार्ग की कुल लंबाई 28.30 किलोमीटर है। करीब 78.76 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मार्ग का चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा। परियोजना के तहत सिंगल लेन मार्ग को डबल लेन में विकसित करने के साथ डामरीकृत एवं सीमेंट कंक्रीट सड़क तथा आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण किया जाएगा। कार्य को अक्टूबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह मार्ग नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-547 पर स्थित सिंगोड़ी से प्रारंभ होकर अमरवाड़ा-रामगढ़ मुख्य जिला मार्ग को जोड़ता है। आगे यह बंडोल, चौरई और खमारपानी होते हुए राज्य मार्ग-46 के माध्यम से चौरई तहसील मुख्यालय से संपर्क प्रदान करता है। कृषि क्षेत्र को जोड़ने के कारण यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है।
चौरई एवं अमरवाड़ा क्षेत्र में कृषि उपज मंडियां, शैक्षणिक संस्थान और प्रमुख बाजार होने के कारण मार्ग के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण से आसपास के 30 से 35 ग्रामों के किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। इससे कृषि उपज के परिवहन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी : विधायक कमलेश प्रताप शाह
अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस मार्ग के उन्नयन की मांग कर रही थी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क परियोजना से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस सौगात के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह मार्ग आने वाले समय में अमरवाड़ा एवं चौरई क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।