सिमरिया भुताई में बिजली व्यवस्था मजबूत, ग्रामीणों को वोल्टेज समस्या से मिली राहत
पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता 3.15 से बढ़ाकर 5 एमवीए की गई, 600 से अधिक कृषि उपभोक्ताओं को मिल रहा बेहतर वोल्टेज
छिंदवाड़ा। प्रदेश सरकार एवं मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अमरवाड़ा संभाग के वितरण केंद्र अमरवाड़ा प्रथम अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्र सिमरिया भुताई में पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया है।
विभागीय वार्षिक कार्ययोजना के तहत उपकेंद्र सिमरिया भुताई में स्थापित 3.15 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाकर 5 एमवीए की गई। यह कार्य 16 जून 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। क्षमता विस्तार के बाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
सिमरिया भुताई उपकेंद्र से बाराहीरा 11 केवी फीडर के माध्यम से ग्राम बाराहीरा, बाराढाना, चारगांव, पुतर्रा, जंगलीखेड़ा, भाजीपानी सहित आसपास के अनेक गांवों में घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है। पूर्व में विशेषकर कृषि सीजन के दौरान इन क्षेत्रों में वोल्टेज संबंधी समस्या सामने आती थी, जिससे किसानों और अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाए जाने के बाद क्षेत्र में वोल्टेज की स्थिति में सुधार हुआ है। 600 से अधिक कृषि उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज के साथ विद्युत आपूर्ति मिलने से सिंचाई कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहे हैं। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो रही है। क्षेत्र के औद्योगिक एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी अधिक स्थिर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिल रहा है।
विद्युत क्षमता में इस विस्तार से वर्तमान मांग को पूरा करने के साथ भविष्य में बढ़ने वाली विद्युत आवश्यकता को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था मजबूत होने से कृषि, स्थानीय व्यवसाय और जनजीवन को लाभ मिलने की उम्मीद है।
क्षमता विस्तार के बाद बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलने पर क्षेत्र के ग्रामीणों एवं उपभोक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्युत वितरण कंपनी के इस प्रयास की सराहना की है।