पीएमएफएमई योजना में लाभ लेने हेतु आवेदन आमंत्रित
खाद्य प्रसंस्करण इकाई की स्थापना पर परियोजना लागत का 35 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान
छिन्दवाड़ा। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना के तहत जिले के किसानों एवं उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का सृजन करना है।
उप संचालक उद्यान श्री एम.एल. उइके ने बताया कि योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए परियोजना लागत का 35 प्रतिशत तक अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। इनमें आलू चिप्स, टमाटर केचप, अदरक-सोंठ, लहसुन पाउडर, अचार, पापड़, बड़ी, मिठाई, नमकीन, डेयरी उत्पाद, पशु आहार, फ्लोर मिल, मसाला चक्की, गुड़ घाना, जूस फैक्ट्री सहित अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के इच्छुक किसान एवं उद्यमी योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए जिले के उद्यानिकी विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए जिला रिसोर्स पर्सन (डीआरपी) श्री विवेक पाल के मोबाइल नंबर 7869163254 एवं श्री शिशिर विश्वकर्मा के मोबाइल नंबर 9685020404 पर संपर्क किया जा सकता है। उद्यानिकी विभाग ने जिले के पात्र किसानों एवं उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की है।