मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त का अंतरण
छिंदवाड़ा जिले की 3,13,213 लाड़ली बहनों के खातों में पहुंची 47.2 करोड़ रुपये की राशि
भोपाल /छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगर मालवा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की लाड़ली बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सम्मान के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त का अंतरण किया। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ रुपये से अधिक की मासिक आर्थिक सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई।
इसी क्रम में छिंदवाड़ा जिले की 3,13,213 लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 47.2 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।
जिले की विभिन्न परियोजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं की उपस्थिति में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन और योजना की 40वीं किस्त के अंतरण कार्यक्रम को देखा एवं सुना।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। योजना का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और परिवार में उनकी आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।
