सांसद बंटी विवेक साहू ने मंत्रियों से की मुलाकात, जिले के विकास कार्यों को लेकर की चर्चा
जिला चिकित्सालय में एसएनसीयू के 40 बेड बढ़ाने और रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति का मुद्दा उठाया
महाविद्यालय, सांदीपनी विद्यालय, स्कूल भवन, पुलिया निर्माण और परिवहन सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर की चर्चा
छिन्दवाड़ा। छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिलों के विकास कार्यों को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने भोपाल प्रवास के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्रियों से मुलाकात कर विभिन्न विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की। सांसद ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, पंचायत मंत्री पहलाद पटेल, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह तथा उच्च शिक्षा, आयुष, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री इंदर सिंह परमार से मुलाकात की।
उपमुख्यमंत्री के समक्ष जिला चिकित्सालय की समस्याएं रखीं
सांसद बंटी विवेक साहू ने उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से मुलाकात कर छिन्दवाड़ा जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति तथा एसएनसीयू में 40 बेड बढ़ाने का निवेदन किया। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को जांच संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने एसएनसीयू में वर्तमान में उपलब्ध 10 बेड की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि गंभीर बच्चों की संख्या बढ़ने के कारण वर्तमान व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने अस्पताल में ओवरलोड, बिजली, पानी एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े ऑडिट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी ध्यान देने का आग्रह किया।
100 दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों की दी जानकारी
सांसद ने उपमुख्यमंत्री को छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिलों में चल रहे 100 दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सांसद ने दोनों जिलों के विकास कार्यों में सहयोग का आग्रह किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान छिन्दवाड़ा भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल, सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली एवं वरिष्ठ नेता गोलू नागरे उपस्थित रहे।
स्कूल भवनों एवं सांदीपनी विद्यालय की स्वीकृति का किया आग्रह
सांसद बंटी विवेक साहू ने स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर शिक्षा एवं परिवहन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने बिछुआ के ग्राम गंजी दवामी में प्राथमिक शाला भवन, मोहखेड़ में सांदीपनी विद्यालय, ग्राम पंचायत रोहनाखुर्द के ग्राम गगई में नवीन प्राथमिक शाला भवन, चांद के ग्राम शहपुरा में शासकीय हाई स्कूल भवन, परासिया के ग्राम पंचायत पलटवाड़ा में शासकीय उच्चतर विद्यालय में बाउंड्रीवॉल तथा हर्रई के ग्राम अतरिया में हायर सेकेंडरी विद्यालय भवन निर्माण की स्वीकृति का आग्रह करते हुए पत्र सौंपे।
महाविद्यालयों और उच्च शिक्षा से जुड़े प्रस्ताव रखे
उच्च शिक्षा, आयुष, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री इंदर सिंह परमार से मुलाकात के दौरान सांसद ने छिन्दवाड़ा में शासकीय स्वशासी महाविद्यालय की स्वीकृति तथा ग्राम चावलपानी में शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ करने का निवेदन किया।
इसके साथ ही शासकीय महाविद्यालय तामिया में बीसीए संकाय प्रारंभ करने, विभिन्न स्नातकोत्तर कक्षाओं की स्वीकृति, महाविद्यालय में स्टाफ की कमी दूर करने तथा छात्रावास निर्माण सहित अन्य आवश्यकताओं पर चर्चा कर पत्र सौंपा।
पुलिया निर्माण की स्वीकृति का किया आग्रह
पंचायत मंत्री पहलाद पटेल से मुलाकात के दौरान सांसद ने बिछुआ के ग्राम गुलसी से अम्मूटोला पहुंच मार्ग में आने वाले नाले एवं नदी पर पुलिया निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि पुलिया निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का लाभ बढ़ाने की मांग
सांसद ने परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा क्षेत्र में बसों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बीच बेहतर आवागमन व्यवस्था के साथ क्षेत्र को प्रदेश के प्रमुख महानगरों से बेहतर बस परिवहन सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाना आवश्यक है।
सांसद ने कहा कि बेहतर परिवहन सुविधा से विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को लेकर निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।