मध्यप्रदेश निवेशकों का भरोसेमंद साथीमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुबई में वैश्विक उद्योग जगत को दिया निवेश का न्योता53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

मध्यप्रदेश निवेशकों का भरोसेमंद साथी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुबई में वैश्विक उद्योग जगत को दिया निवेश का न्योता

53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त

भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दुबई दौरा मध्यप्रदेश की निवेश रणनीति को वैश्विक मंच पर मजबूत करने वाला रहा। उन्होंने एआईएम कांग्रेस-2026 में मध्यप्रदेश को केवल निवेश के गंतव्य के रूप में नहीं, बल्कि वैश्विक कंपनियों और निवेशकों के लिए दीर्घकालिक साझेदार के रूप में प्रस्तुत किया। दौरे के दौरान प्रदेश के लिए 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।

मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों और उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश निवेश के साथ तकनीक, बाजार, निर्यात और रोजगार को जोड़कर वैश्विक निवेश एवं विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने निवेशकों को प्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों, पर्याप्त भूमि, बिजली, जल संसाधन, कुशल मानव संसाधन और बेहतर कनेक्टिविटी की जानकारी दी।

लॉजिस्टिक्स से एआई और ग्रीन एनर्जी तक निवेश के अवसर

दुबई प्रवास के दौरान डीपी वर्ल्ड, राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट एंटरप्राइजेज, शराफ ग्रुप, वीएफएस ग्लोबल, चोइथराम्स और बी-आह सहित प्रमुख वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, एआई एवं डिजिटल टेक्नोलॉजी, ग्रीन एनर्जी, ई-मोबिलिटी, फार्मा, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य, आधुनिक विनिर्माण और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं सामने आईं।

डीपी वर्ल्ड के साथ पवारखेड़ा में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। शराफ ग्रुप ने रेल-साइडिंग आधारित लॉजिस्टिक्स पार्क के लिए 30 से 50 मिलियन डॉलर के निवेश की संभावना जताई है। जेम्स एजुकेशन ने मध्यप्रदेश के प्रमुख एवं उभरते शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के K-12 स्कूल और कौशल विकास केंद्र स्थापित करने में रुचि दिखाई।

चोइथराम्स समूह के साथ आधुनिक रिटेल, सुपरमार्केट, फूड प्रोसेसिंग और स्थानीय किसानों से सीधी खरीद की संभावनाओं पर चर्चा हुई। वहीं राणा होल्डिंग्स ने स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन एनर्जी, ई-मोबिलिटी और कृषि मशीनरी जैसे क्षेत्रों में रुचि दिखाई।

यूएई, तातारस्तान और विश्व बैंक के साथ साझेदारी

मुख्यमंत्री ने यूएई के वरिष्ठ मंत्रियों, तातारस्तान के नेतृत्व और विश्व बैंक के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की। विश्व बैंक के साथ एआई एवं डिजिटल गवर्नेंस परियोजनाओं में वित्तीय और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर विमर्श हुआ।

यूएई की ओर से मध्यप्रदेश में पर्यटन, होटल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने पर सहमति बनी। मध्यप्रदेश और यूएई के बीच एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने तथा व्यापार और पर्यटन को गति देने पर भी चर्चा हुई।

तातारस्तान के साथ एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, पेट्रोकेमिकल्स, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, लॉजिस्टिक्स, कृषि और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशी गईं। तातारस्तान के निवेश प्रतिनिधिमंडल को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।

एमएसएमई और स्थानीय उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग

मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ ‘मध्यप्रदेश-शारजाह बिजनेस फोरम’ की पहल पर चर्चा की। इसका उद्देश्य मध्यप्रदेश के एमएसएमई और निर्यातकों को खाड़ी देशों के खरीदारों एवं वितरकों से जोड़ना है।

दुबई में मध्यप्रदेश के चंदेरी, महेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी, बेल मेटल और ग्वालियर कारपेट सहित ओडीओपी और जीआई उत्पादों को वैश्विक बाजार के सामने प्रदर्शित किया गया।

जीआईएस-2027 के लिए निवेशकों को आमंत्रण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुबई प्रवास के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों, निवेशकों और उद्योग समूहों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की प्राथमिकता केवल पूंजी आकर्षित करना नहीं, बल्कि पूंजी के साथ तकनीक, रोजगार, बाजार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को प्रदेश से जोड़ना है।

राज्य सरकार द्वारा निवेश और कारोबार को सुगम बनाने के लिए 25 से अधिक नई नीतियां लागू किए जाने तथा अप्रासंगिक कानूनों को समाप्त किए जाने की जानकारी भी निवेशकों को दी गई। एआई, डेटा, ड्रोन, डिफेंस, साइंस सिटी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे भविष्य के क्षेत्रों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों को भरोसा दिलाया कि मध्यप्रदेश सरकार पारदर्शी नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और समयबद्ध सहयोग के साथ निवेशकों के साथ मजबूती से खड़ी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default