कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्नशैक्षणिक गुणवत्ता, नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण एवं अपार आईडी निर्माण की प्रगति की हुई समीक्षा

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न

शैक्षणिक गुणवत्ता, नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण एवं अपार आईडी निर्माण की प्रगति की हुई समीक्षा

छिंदवाड़ा। जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र एवं जनजातीय कार्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इड़पाचे सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण, अपार आईडी निर्माण, सीएम हेल्पलाइन तथा नीट एवं जेईई परीक्षा परिणाम सहित विभिन्न बिंदुओं की विकासखंडवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कम नामांकन वाले विद्यालयों पर विशेष निगरानी

कक्षा पहली से आठवीं तक विद्यार्थियों के नामांकन एवं उपस्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कम नामांकन वाले विद्यालयों में विशेष ध्यान देने तथा नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति की भी निगरानी करने को कहा। समीक्षा में परासिया एवं जुन्नारदेव बीआरसी की अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित बीआरसी के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

पाठ्यपुस्तक वितरण में लापरवाही पर नाराजगी

कलेक्टर ने विकासखंडवार पाठ्यपुस्तक वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी को समय पर आवश्यक पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध हों। तामिया विकासखंड में पूर्ण वितरण नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा पूर्ण वितरण होने तक संबंधित बीईओ के वेतन के संबंध में आवश्यक रोक की कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन विकासखंडों में पुस्तकों की कमी है, वहां अधिशेष पुस्तकों वाले विकासखंडों से तत्काल पुस्तकें उपलब्ध कराने को कहा गया।

अपार आईडी निर्माण का लक्ष्य 95 प्रतिशत करने के निर्देश

विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अगली समीक्षा बैठक से पहले सभी विकासखंडों में कम से कम 95 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए विद्यालय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग एवं आवश्यक समन्वय करने को कहा गया।

मुख्यालय में निवास के निर्देश

बीईओ, बीआरसी सहित अन्य अधिकारियों के मुख्यालय में निवास की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित मुख्यालय में निवास कर विभागीय दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। मुख्यालय में निवास नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा व्यवस्था होने तक वेतन रोकने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नीट एवं जेईई परिणामों का विश्लेषण

बैठक में जिले के विद्यार्थियों के नीट एवं जेईई परीक्षा परिणाम एवं चयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने चयन से वंचित विद्यार्थियों के परिणामों का विश्लेषण कर कारणों को चिन्हित करने और उन्हें दूर करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी, मूल्यांकन एवं मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान देते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने को कहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default