छिंदवाड़ा। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय तथा विश्व बैंक समर्थित आरएएमपी (RAMP) योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के एमएसएमई उद्यमों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 9 एवं 10 सितंबर को दो दिवसीय कम्पोजिट वर्कशॉप आयोजित की जाएगी।
वर्कशॉप का आयोजन रायमेन्स पार्टी हॉल, वीआईपी रोड, छिंदवाड़ा में दोनों दिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। उद्यमियों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर वॉक-इन एवं कियोस्क सुविधा उपलब्ध रहेगी, जहां मौके पर ही विभिन्न पंजीयन एवं संबंधित सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा।
इन विषयों पर मिलेगा मार्गदर्शन
वर्कशॉप में उद्यमियों को उद्यम पंजीकरण, जेडईडी पंजीकरण एवं ओएनडीसी ऑनबोर्डिंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जेडईडी सर्टिफिकेशन हैंडहोल्डिंग, फाइनेंशियल क्लीनिक, ईएसजी एवं आरईसीपी, बीआईएस सर्टिफिकेशन तथा स्वयं सहायता समूहों के औपचारिकीकरण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र छिंदवाड़ा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को पंजीकरण, प्रमाणन, वित्तीय मार्गदर्शन एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनके व्यवसाय को अधिक सक्षम, प्रतिस्पर्धी एवं औपचारिक स्वरूप प्रदान करना है।
कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एमपीएलयूएन) तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से किया जा रहा है। जिले के सभी एमएसएमई उद्यमियों, इच्छुक व्यवसायियों एवं संबंधित हितधारकों से वर्कशॉप में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
