किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव सागर की घटना के बाद नशा मुक्ति अभियान बड़े स्तर पर चलाने के निर्देश
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले में हुई घटना और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर प्रशासन को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने सहित अन्य आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपी को पुलिस कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने तत्परता के साथ कार्रवाई की है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से भी नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की।
